केरल के कोल्लम शहर से रोंगटे खड़े करने वाली खबर सामने आ रही है, यहां एक पति ने कथित तौर पर पत्नी को कार में जिंदा जला दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
दरअसल, पति द्वारा कथित तौर पर कार में आग लगा दिए जाने से मंगलवार देर शाम पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने आगे बताया कि पति ने उस कार में लगा दी जिसमें उसकी 44 साल की पत्नी एक शख्स के साथ जा रही थी। इस हादसे में वह शख्स भी घायल हो गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि पद्मराजन नामक शख्स ने कथित तौर पर एक दूसरी कार से अपनी पत्नी की कार का पीछा किया और रात करीब नौ बजे कोल्लम सिटी ईस्ट पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत चेम्मामुक्कू में उनकी कार को रोका।
उसने बताया कि पद्मराजन ने कथित तौर पर गाड़ी पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी, जिससे उसकी पत्नी अनिला कार के अंदर ही फंसी रही और आग में झुलस गई। पुलिस ने आगे बताया कि महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि कार में महिला के साथ जो शख्स था वह भी झुलस गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि पद्मराजन को कोल्लम ईस्ट पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आगे की जांच की जा रही है।