पिछले कुछ दिनों से कानपुर पुलिस लगातार सुर्खियों में है। इस बीच अब जिले के 2 पुलिसकर्मियों पर मसाज पार्लर में घुस कर महिला से अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला और उनके पति की पिटाई भी की है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पार्लर के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज का है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी का यह फुटेज 28 जुलाई की रात का है जो अब वायरल हुआ है।
पीड़ित महिला और उनके पति का आरोप है कि इस रात 10 बजे 2 पुलिसकर्मियों ने उनके पार्लर के बाहर दस्तक दी थी। जिसके बाद महिला ने डरकर पार्लर का दरवाजा खोला। आरोप है कि अंदर आने के बाद कानपुर पुलिस के दोनों जवान महिला से बदसलूकी और अश्लील हरकत करने लगे। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मी उनसे गंदी बातें कर रहे थे। यह महिला पार्लर की मालकिन बताई जा रही हैं।
यह भी आरोप है कि जब पुलिसकर्मी महिला से जबरदस्ती करने लगे तब महिला के पति ने दोनों पुलिसकर्मियों का विरोध किया। जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मी नाराज हो गए। आरोप है कि इन दोनों ने पति-पत्नी को पुलिसिया रौब दिखाते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी।
महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाले दोनों स्वरुप नगर थाने के सिपाही बताए जा रहे हैं। दोनों की पहचान सुनील नागर और अंकित प्रधान के तौर पर हुई है। यह दोनों सादे लिबास में पार्लर पहुंचे थे।
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस वीडियो को कई लोगों ने देखा और अपनी प्रतिक्रिया दी है। इधऱ मामले के तूल पकड़ने के बाद कानपुर के डीआईजी ने दोनों आऱोपी सिपाहियों सुनील और अंकित को फिलहाल सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में आगे की जांच भी की जा रही है।
आपको बता दें कि कानपुर में विकास दुबे कांड और अपहरण की कुछ घटनाएं सामने आने के बाद से ही कानपुर पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है। अलग-अलग मामलों में कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी अब तक हो चुकी है।
