राजस्थान के जोधपुर से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां बोरानाडा थाना क्षेत्र के नारनाडी में रहने वाली महिला के साथ बर्बरता की सारी हदें पार दी गईं। दरअसल, पीड़िता की जेठानी पर आरोप है कि उसने अपने बेटे के साथ मिलकर महिला की पिटाई की। इसके बाद इसने पीड़िता के हाथ बांध दिए और उसके प्राइवेट पार्ट में मिर्च पाउडर डाल दी। पीड़िता दर्द से चिल्लाती रही मगर आरोपी जेठानी का दिल नहीं पसीजा। उसने प्लास्टिक जलाई और महिला के शरीर को दागती रही। फिलहाल पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है और आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पीड़िता का पति गोवा में काम करता है

टीवी 9 की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता का पति गोवा में काम करता है। उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह बच्चों के साथ नारनाडी में रहती है। पास में ही उसकी जेठानी रहती है। दोनों के बीच कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार की शाम आरोपी महिला अपने बेटे के साथ देवरानी के घर पहुंची और देवरानी की पिटाई करने लगी। उसने देवरानी के हाथ रस्सी से बांध दिए और प्राइवेट पार्ट में मिर्च डाल दी।

प्लास्टिक जलाकर आरोपी महिला के पूरे शरीर पर दागा

इतना ही नहीं उसने प्लास्टिक जलाकर महिला के शरीर को कई जगहों पर दागा। जिससे महिला के शरीर पर कई जगह फफोले पड़ गए हैं। महिला दर्द से चिल्लाती रही मगर आरोपी महिला को उस पर दया नहीं आई। खुद एक महिला होकर वह देवरानी को प्रताड़ित करती रही।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस घटना के बाद पीड़ित महिला के एक रिश्तेदार ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और संबंधित धाराओं के तहत आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस मामले में की जांच एसीपी बोरानाडा नरेंद्र सिंह देवड़ा कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रविवार देर रात इस पूरे मामले में शिकायत दर्ज की गई। पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल पीड़ित महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि इलाज जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।