नौकरी का लालच देकर 20 साल की युवती को दिल्ली बुलाया गया और फिर उनके साथ महीनों तक दुष्कर्म हुआ। महिला गर्भवती हो गई हैं और अब आरोपी युवक फरार है। बताया जा रहा है कि यह महिला मूल रूप से झारखंड की रहने वाली हैं। महिला को ऊंची पोस्ट पर नौकरी देने का लालच देकर इस युवक ने दिल्ली बुलाया था। अपनी साथ हुई इस धोखाधड़ी के बाद अब महिला ने पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में महिला की ना सिर्फ मदद की बल्कि कुछ पुलिसकर्मियों ने जरुरत पड़ने पर महिला को अपना खून दिया और अब महिला के बच्चे का जन्म भी हुआ। मां और बच्चा दोनों ही फिलहाल स्वस्थ हैं। पुलिस ने आरोपी युवक को झारखंड से धर दबोचा है।
डीसीपी (साउथ) अतुल ठाकुर ने कहा कि पुलिसवालों ने इस केस में बेहतरीन काम किया। खास कर महिला सब-इंस्पेक्टर नितेश ने 2 दिन के अंदर आरोपी को पकड़ कर एक बड़ा उदाहरण पेश किया है। डीसीपी ने कहा कि पीड़ित महिला काफी कमोजर थी और महिला सब-इंस्पेक्टर ने उन्हें चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया कराने में भी काफी बेहतरीन काम किया है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें 1 सितंबर को मिली थी। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उन्हें नौकरी दिलाने और उनसे शादी करने का झांसा उन्हें दिया था। जब वो गर्भवती हो गई तब आरोपी एक किराये के मकान में उन्हें छोड़ कर फरार हो गए। आरोपी दिल्ली से छिप कर भागा था और झारखंड पहुंच गया था।
इस ट्रॉमा की वजह से पीड़ित महिला काफी परेशान थीं और उन्हें काफी ब्लीडिंग हो रही थी। उनकी हालत काफी नाजुक हो गई थी और उनकी जान खतरे में थी। परिवार में कोई भी उनकी देखभाल करने के लिए भी नहीं था। महिला सब इंस्पेक्टर ने पीड़िता को एम्स में भर्ती कराया और तीन कॉन्स्टेबलों ने महिला की जान बचाने की खातिर रक्तदान भी किया।
