इधर झारखंड में महिला सत्संग आश्रम में घुसकर एक साध्वी के साथ गैंगरेप किये जाने का मामला सामने आय़ा है। बताया जा रहा है कि गोड्डा जिले के एक आश्रम में देर रात 5 लोग लूटपाट और डकैती के इरादे से घुसे थे। यह आश्रम राजधानी रांची से करीब 325 किलोमीटर दूर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साध्वी ने 2 लोगों पर आऱोप लगाते हुए पुलिस को बताया है कि आश्रम के एक कमरे में उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस मसले पर ट्वीट कर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जानकारी भी दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘आज रात्रि में गोड्डा के महर्षि मेंही आश्रम के साध्वी के साथ अपराधी दीपक राणा ने सामूहिक दुष्कर्म किया। हेमंत है तो हिम्मत है @HemantSorenJMM ,प्रभारी DGP @MVRaoIPS जी को मेरे ऊपर केस कराने व कोर्ट जाने से फ़ुर्सत नहीं है।’

बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर एक आरोपी दीपक राणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले पर गोड्डा के एसपी वाईएस रमेश ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। शक के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के पीछे की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का आऱोप है कि आश्रम के एक कमरे में पीड़िता को बंद कर दिया गया था और वहां उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। इस मामले में गोड्डा में स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे जमीन का विवाद हो सकता है।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। पुलिस ने कई अहम सबूत भी जुटाए हैं। एसपी ने बताया कि पीड़ित साध्वी द्वारा दिये गए आवेदन पर सभी बिन्दुओं को सामने रखकर जांच की जा रही है। सभी सबूतों को जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कवायद जारी है. इसके लिए छापेमारी की जा रही है।