नवेद इकबाल
Jammu Kashmir Rape Case: तीन साल की बच्ची अपने ऊपर लिपटी नीली कंबल की परतों के नीचे कांप रही है। आंख आधे खुले हैं। वह गुमसुम लेटी हुई है। जैसे ही सोते हुए वह करवट बदलती है, दर्द से बिलखने लगती है। उसके बगल में गमगीन मां बैठी है। मां का दुपट्टा आंसुओं से गीला है। मां बच्ची के ऊपर कंबल को सीधा करती है, फिर से अपना चेहरा पोंछती है और कहती है, “मैंने इसे बाथरूम के फर्श पर पड़ा पाया। उसके कपड़े उतारे गए थे, फटे नहीं थे।” मां ने आगे बताया, “वह ज्यादातर समय सोते रहती है, लेकिन मैं महसूस कर सकती हूं कि उसके ऊपर क्या बीत रही होगी। उसे कितना दर्द हो रहा होगा। उसे तो अभी तक यह समझ भी नहीं आया होगा कि क्या हुआ है उसके साथ।”
जम्मू-कश्मीर के उस परिवार की, जिसके घर की एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। बच्ची से बलात्कार के आरोप में एक लड़के को गिरफ्तार किया गया है। वह उसी इलाके का रहने वाला है। पीड़ित परिवार के पास घर के नाम पर टीन और लड़की से घिरा एक शेड है। कथित तौर पर पिछले बुधवार को बच्ची के साथ रेप की घटना हुई थी। इस घटना के बाद पूरे घाटी में प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सुरक्षा जवानों पर पथराव भी किया। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। अब तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए झड़प में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं।
मां कहती हैं, “मस्जिद द्वारा इफ्तार की घोषणा के बाद मैंने प्रार्थना समाप्त की। इसके बाद मैंने घर के बाहर बेटी की तलाश करनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद मैंने उसकी कराहते हुए आवाज सुनी। जब मैंने बाथरूम का दरवाजा खोला तो देखा कि वह फर्श पर थी। उसके कपड़ों पर आस-पास खून के धब्बे थे।”
पीड़िता की मां इससे ज्यादा नहीं बोल सकीं। पीड़िता की चाची ने उस शाम के बारे में बताते हुए कहा, “उसके चाचा ने कुछ देर पहले ही उसे घर के बाहर छोड़ा था। वह खेलने में व्यस्त हो गई थी।” परिजनों के अनुसार, इसी वक्त आरोपी बच्ची को बहलाकर वहां से ले गया। स्कूल के बाथरूम में धक्का दे अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उसकी मां को यह नहीं पता कि वह वहां कितनी देर तक पड़ी रही।
बच्ची ने परिजनों को आरोपी का नाम बताया। चाची आगे बताती हैं, “हम सीधे पुलिस के पास गए। आरोपी के परिजनों ने कहा कि यदि उसके लड़के ने ऐसा किया होगा तो वे उसे मार डालेंगे, लेकिन हमने कहा कि पहले उसे पुलिस को सौंपे।”