इंदौर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही हैं। यहां पुलिस ने तीन लोगों को चाकू मारने के आरोप में दो लड़कों को गिरफ्तार कर अच्छा सबक सिखाया है। दरअसल, पुलिस ने आरोपियों के लिए खलनायक का गाना बजाया और फिर पूरे शहर में सबके सामने उनकी परेड कराई। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपियों को परेड करते हुए देखा जा सकता है।

खलनायक हूं मैं…गाने पर कराई परेड

इस दौरान आरोपियों ने अपने कान पकड़े हैं। वे कान पकड़ कर सड़क पर चल रहे हैं। उनके साथ पुलिस की वैन है। जिसमें नायक नहीं खलनायक हूं मैं…गाना जोर-जोर से बज रहा है। इस दौरान उनके साथ पुलिसकर्मी भी चल रहे हैं। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई है। लोग देख रहे हैं कि पुलिस आरोपियों को कैसे मजा चखा रही है। आरोपियों को शर्मींदगी महसूस हो रही है औऱ वे पुलिस से माफी मांगते हुए दिख रहे हैं। वे कह रहे हैं कि अब वे लाइफ में दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।

दरअसल, इंदौर पुलिस ने शनिवार (2 सितंबर) को शहर में तीन लोगों को चाकू मारने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस ने अपनी कार में ‘खलनायक’ गाना बजाया है। वे दोनों आरोपियों को सड़कों पर घुमा रहे हैं।

कान पकड़कर आरोपियों ने मांगी माफी

दोनों आरोपियों को पुलिस से माफी मांगते हुए और भविष्य में जुर्म ना करने का वादा करते हुए भी देखा जा सकता है। चाकूबाजी की घटना शहर के सेक्टर 74 से सामने आई थी। जहां अमन वर्मा, राहुल गुर्जर और राहुल मराठा नाम के तीन लोग जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इस पार्टी में आरोपी अमित सोनी और प्रीतम कुशवाह जबरदस्ती घुस गए। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ितों पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना के बाद इलाज के लिए चाकू लगने से घायल तीनों दोस्तों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।