देश में लॉकडाउन जारी है। लेकिन इन सब के बीच हैदराबाद में 3 लड़कियों की डेड बॉ़डी एक साथ मिलने पर हड़कंप मच गया है। सोमवार (13 अप्रैल, 2020) की सुबह इन लड़कियों की लाशें जवाहर नगर इलाके में मिली है। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि इनमें से 2 लड़कियों की लाश पेड़ पर टंगी हुई थी जबकि तीसरी लड़की की लाश वहीं जमीन पर पड़ी हुई थी।
मरने वाली तीनों लड़कियां कौन हैं? क्या उन्होंने सुसाइड किया है या फिर उनकी हत्या की गई है? खबर लिखे जाने तक इन सभी सवालों के जवाब नहीं मिल सके थे। हालांकि पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। जिस इलाके में यह तीनों लाशें मिली हैं वहां पास में ही एक डेन्टल कॉलेज भी है। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने साफ किया है कि तीनों लड़कियां कॉलेज की स्टाफ या छात्रा नहीं हैं।
3 लड़कियों की लाश बेहद ही रहस्यमयी और संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने पर यहां पुलिस-प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इसका किसी लापता लड़की से संबंधित केस से ताल्लुक है?
पुलिस का कहना है कि लड़कियों ने सुसाइड किया है या नहीं? इसको लेकर संदेह है। या फिर इनकी हत्या कहीं औऱ की गई है और फिर इनकी लाश को यहां लाकर इस तरह ठिकाने लगाया गया है। बहरहाल अब पुलिस कई सवालों के जवाब तलाश रही है।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के खतरे को कम करने के लिए पूरे देश में इस वक्त लॉकडाउन है। दिन-रात पुलिस सड़कों पर पहरा दे रही है कि कोई भी शख्स लॉकडाउन का उल्लंघन कर अपने घर से बाहर ना निकले।
लेकिन ऐसी सूरत में तीन लड़कियों की लाश इस तरह मिलने से पुलिस महकमा भी अभी सकते में है। हैदराबाद में भी कोरोना वायरस ने कहर बरपाया है। यहां लोगों को घरों में रहने तथा सभी जरुरी सरकारी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।

