मुंबई में एक महिला कॉन्स्टेबल का कथित तौर पर पीछा करने के मामले में घाटकोपर में खुफिया ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। पंत नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रूपेश कुमार अनिल कुमार को उसके एंटॉप हिल स्थित घर से रविवार को गिरफ्तार किया गया। 34 वर्षीय एक महिला कॉन्स्टेबल ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
क्यों करता था पीछा: अधिकारी ने बताया कि ‘छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर तैनाती के दौरान रूपेश और पीड़िता की जान पहचान हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला का बाद में मुंबई पुलिस की सोशल ब्रांच द्वितीय में तबादला हो गया और उसने आईबी अधिकारी से बात करनी बंद कर दी। जिसके चलते वह उसका पीछा करने लगा।
Hindi News Today, 13 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
एफआईआर कराई दर्ज: अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के उससे बात ना करने पर आरोपी ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने पंत नगर पुलिस थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मिल गई जमानत: पंत नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संजय भालेराव ने कहा, ‘‘ धारा 354डी के तहत हमने आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।’’ गौरतलब है कि अयोध्या पर फैसले आने के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है। इस दौरान संवेदनशील इलाकों पर ख़ुफ़िया एजेंसियों की पैनी नजर है। लेकिन इस दौरान इस घटना के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
