हैदराबाद में कई मर्डर करने के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहे एक सीरियल किलर को अच्छे व्यवहार और सुधार की वजह से जेल से रिहा कर दिया गया था। बाहर आते ही उसने फिर हत्याएं शुरू कर दी। उसे पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उसे अब 4 लोगों की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उस पर हत्या के कुल 17 केस दर्ज हैं। कोर्ट ने अगर उसे दोषी ठहराया तो वह देश के सबसे क्रूर सीरियल किलर में से एक होगा।
आजीवन कारावास की सजा में बंद था : महबूबनगर पुलिस ने शुक्रवार को येरुकली श्रीनू नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया है। 2009 में हत्या के जुर्म में वह आजीवन कारावास की सजा में जेल में बंद था। 2013 में जेल में उसके अच्छे व्यवहार को देखते हुए उसे रिहा कर दिया गया था। पुलिस का कहना है कि 2014 में उसने फिर कई हत्याएं कर दीं। 2015 तक उसने करीब 15 महिलाओं की जान ले ली। 2017 में श्रीनू ने 5 महिलाओं की हत्या की थी। वह फिर जेल गया। 2018 में वह रिहा हुआ
भाई की सास की भी की थी हत्या : एसपी रेमा राजेश्वरी के मुताबिक उसने अपने भाई की सास की भी हत्या की थी। वह मानता था कि उनके अवैध संबंध थे। उसने अंतिम बार चार महिलाओं की हत्याएं कीं। उसने कई हत्याएं की थीं, हालांकि उसे 11 मामलों में एक ट्रायल कोर्ट ने बरी कर दिया था। महबूबनगर पुलिस ने कहा कि श्रीनू को 53 वर्षीय महिला की हत्या के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
पत्नी भी चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तार : पुलिस के मुताबिक उसकी पत्नी सलम्मा को भी चोरी के जेवर बरामद करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान श्रीनू ने तीन और हत्याओं को कबूल किया, जो उसने पिछले वर्ष किए थे। श्रीनू सीरियल किलर है। वह आम अपराध की तरह हत्याएं करता है। उसे अपने अपराध के लिए कोई पछतावा भी नहीं रहता है।