हैदराबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार की शाम पेट्रोल पंप पर लाइटर जलाने और आग लगाने के आरोप में नशे में धुत एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिगरेट लाइटर लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा था आरोपी

घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि घटना शनिवार की शाम करीब 7 बजे हुई जब आरोपी जिसकी पहचान चिरान के रूप में हुई है वो हाथ में सिगरेट लाइटर लेकर नशे की हालत में नाचराम इलाका स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा।

कथित तौर पर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों में से एक अरुण ने आरोपी से पूछा कि क्या वो पूरी पेट्रोल पंप को जलाने का प्लान बना रहा है। फिर, उन्होंने चिरान को चुनौती दी और उकसाया कि अगर “उसमें ऐसा करने की हिम्मत है” तो वो ऐसा करके दिखाए।

कर्मी ने दी चुनौती तो शख्स ने किया ये काम

इस पर रिएक्ट करते हुए, आरोपी ने लाइटर जलाया। तभी कर्मचारी आरोपी के स्कूटी में पेट्रोल डाल रहा था। लाइटर पेट्रोल के संपर्क में आ गया, जिसके परिणामस्वरूप आग लग गई।

जानकारी अनुसार जब आग लगी, तब पेट्रोल पंप पर दो कर्मचारियों सहित लगभग 10 से 11 लोग मौजूद थे। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि आग से पास खड़ी एक महिला और एक बच्चा बाल-बाल बच गए।

बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

वहीं, पेट्रोल पंप पर खड़े अन्य सभी लोग भागते हुए देखे जा सकते हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसने बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अरुण को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर आग और विस्फोटकों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने बताया कि बिहार के रहने वाले दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। नचाराम पुलिस के इंस्पेक्टर जी. रूदवीर कुमार ने कहा, “इस खतरनाक घटना ने न केवल लोगों की जान जोखिम में डाली, बल्कि इससे एक भयानक विस्फोट भी हो सकता था। खास तौर पर इस भीड़भाड़ वाले इलाके में, जहां ट्रैफिक बहुत अधिक होता है।”