एक पति को अपनी पत्नी से झगड़ा मोल लेना उस वक्त महंगा पड़ गया जब उसकी पत्नी नाराज होकर पुलिस थाने पहुंच गई और पति को जेल में बंद करने की जिद पर अड़ गई। मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का है। पति और पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा है। पति पर मोबाइल के जरिए धमकी देने और अश्लील मैसेज भेजने का मामला दर्ज हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल पति पत्नी अलग-अलग रहते हैं।
भोपाल के कमला नगर थाने में शनिवार को एक महिला शिकायत दर्ज कराने पहुंची। उसने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के मैसेज दिखाए, जिसमें उसके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के साथ धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मैसेज भेजने वाले शख्स के खिलाफ अश्लील मैसेज और धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मैसेज भेजना वाला शख्स, शिकायतकर्ता महिला का पति है। महिला ने थाने पर जमकर हंगामा मचाया और पति को अरेस्ट करने की मांग की।
महिला ने बताया कि सात साल पहले उसकी शादी बैतूल के एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ सालों के बाद एक बेटी का जन्म हुआ। समय के साथ रिश्ते बिगड़ने लगे और महिला अपने पति से अलग होकर अपनी 5 साल की बेटी के साथ मायके में रहने लगी। महिला ने युवक व उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी विजय सिसोदिया ने बताया कि कुछ दिनों पहले पत्नी के जन्मदिन के मौके पर पति भोपाल आया था। पत्नी के साथ उसका जन्मदिन भी मनाया था। महिला के अनुसार उसने अपने पति से भोपाल में ही रहने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह ससुराल में नहीं रहना चाहती क्योंकि उसे वहां तंग किया जाता है। वहीं युवक का कहना है कि वह अपने माता पिता को छोड़कर भोपाल नहीं जाएगा। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस युवक को गिरफ्तार करने के लिए बैतूल जा रही है।