केरल के इडुक्की का रहने वाला व्यक्ति डेढ़ साल पहले घर से लापता हो गया था। अब उसे पुलिस ने खोज लिया है। पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस से कहा कि उसने अपना घर छोड़ दिया क्योंकि वह अपनी पत्नी से डर गया था। पुलिस ने कहा कि 34 साल का शख्स डेढ़ साल पहले केरल के पथनमथिट्टा जिले में अपने घर से लापता हो गया था। पुलिस ने उसे इडुक्की जिले के थोडुपुझा के पास एक गांव में ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस ने उसे थोडुपुझा के पास थोम्मनकुथु में पकड़ लिया।
शख्स का नाम नौशाद है। उसकी 25 साल की पत्नी अफसाना को उसके लापता होने के मामले में एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था। हालांकि पत्नी ने पुलिस से कहा था कि उसके पति की हत्या कर शव को दफना दिया गया है।
नवंबर 2021 को लापतो हा गया था शख्स
पुलिस के अनुसार, पथानामथिट्टा जिले के कलंजूर इलाके का रहने वाला नौशाद नवंबर 2021 को अपने किराए के घर से लापता हो गया था। इसके बाद वह थोम्मनकुथु के खेत में मजदूरी करता था और वहीं रहता था। थोडुपुझा में पकड़े जाने के बाद नौशाद ने मीडिया से कहा कि उसने घर छोड़ दिया था क्योंकि वह अपनी पत्नी से डर गया था। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी जिन लोगों से फोन पर बात करती थी उन्होंने उसे मार-पीटा था।
पत्नी ने कहा नवशाद की हत्या कर दफना दिया गया है
अफसाना ने पुलिस को गुमराह करने वाला बयान दिया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गुरुवार को पथानामथिट्टा के कूडल में गिरफ्तार कर लिया। अफसाना ने पुलिस से कहा था कि उसके पति नौशाद की हत्या कर दफना दिया गया था। इसके बाद पुलिस नवशाद के शव को बरामद करने के लिए अफसाना को कुछ स्थानों पर ले गई थी। पुलिस नौशाद के पिता की शिकायत के आधार पर लापता मामले की जांच कर रही थी। पुलिस से किसी ने कहा कि दो दिन पहले किसी ने नवशाद को देखा था। इसके बाद पुलिस ने उसे खोज निकाला। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।