यूपी के कानपुर में नौबस्ता के गल्लामंडी में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। पति ने अपने पागलपन में अपना सब कुछ खुद ही अपने हाथों से तबाह कर लिया। असल में उसे अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक था। वह पत्नी पर भरोसा नहीं करता था। एक दिन उसका गुस्सा उस पर हावी हो गया। इसके बाद उसने पत्नी की जमकर पिटाई की, उसके हाथ-पैर बांधे और ब्लेड से नाक काट दी। वह इतने पर नहीं रुका, उसने अपनी बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी फिर खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पिता-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ले में मचा हाहाकार
कानपुर के गल्लामंडी में तब हाहाकार मच गया जब पुलिस को पिता-बेटी की लाश मिली। दिल को दहला देने वाली इस घटना के बारे में सुनकर मोहल्लेवाले दहशत में हैं। पीड़ित महिला का नाम रुखसार है। उसका कहना है कि उसका पति छोटू हमेशा से उस पर अवैध संबंध को लेकर शक करता था। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर लड़ाई होती थी। इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों को लेकर अलग रहने लगी थी। कुछ दिनों पहले ही दोनों में समझौता हुआ था जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
पत्नी की काटी नाक
छोटू के सिर पर इस बार इस कदर खून सवार हुआ कि उसे अपनी मासूम बेटी पर भी दया नहीं आई। उसने मन ही मन पूरे परिवार को खत्म करने का प्लान बना लिया। हर रोज की तरह वह गाड़ी चलाकर देर रात घर पहुंचा। इसके बाद उसने पत्नी से मारपीट की। उसने पत्नी की बहुत पिटाई की। फिर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। पत्नी उसके सामने रोती रही, गिड़गिड़ाती रही, अपने रिश्ते की दुहाई देती रही मगर छोटू ने उसकी एक ना सुनी। उसके सिर पर जैसे खून सवार था। उसने ब्लेड निकाली और पत्नी की नाक काट डाली। नाक काटे जाने से रुखसार के नाक से खून निकलने लगा। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने बेटी को जान से मार डाला और खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
पल भर में सब खत्म हो गया
पत्नी को जब होश आया तो देखा कि बेटी लाश फर्श पर पड़ी है और छोटू फंदे से लटक रहा है। उसके होश उड़े गए, पल भर में उसकी पूरी दुनिया जो उजड़ गई थी। इस दर्द को वह शायद ही जिंदगी में कभी भूल पाएगी। रुखसार ने सारी कहानी पुलिस को सुनाई। उसका कहना है कि पति उस पर बिल्कुल भरोसा नहीं करता था। इस कारण दोनों में अक्सर बहल होती थी। उस दिन भी दोनों में काफी बहस हुई थी। जिसके बाद छोटू ने उसे मार-मारकर फर्श पर गिरा दिया था।
महिला के अनुसार, छोटू जिला पंचायत सदस्य की गाड़ी चलाता था। इस वजह से वह बुधवार रात वह देरी से घर पर पहुंचा था। घर पहंचते ही उसने रुखसार से लड़ाई करनी शुरू कर दी। फिलहाल रुखसार को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
