हिमाचल प्रदेश में लिफ्ट देने के बहाने से महिला से गैंगरेप करने की खबर सामने आई है। यह घटना कांगड़ा जिले की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार (21-08-2020) को महिला के साथ इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वो यहां सड़क किनारे खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी। उसी वक्त कुछ लोगों ने उन्हें लिफ्ट देने का ऑफर किया। महिला के मुताबिक लिफ्ट देने के बहाने यह सभी लोग उन्हें एक फार्म हाउस ले गए जहां उनके साथ इस घटना को अंजाम दिया गया है।

पुलिस को पीड़िता ने बताया कि गैंगरेप को अंजाम देने के बाद उन्हें जबरन एक होटल में ले जाया गया जहां उनके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया। महिला की शिकायत के बाद इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी आसपास के गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों में दो लोग तियारा, एक भढ़ियाडा, एक बंडी, एक वैदी, एक मेहरना और एक दाड़ी का रहने वाला बताया जा रहा है।

32 साल की इस महिला के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक उनके 3 बच्चे हैं और पिछले 5 साल से वो अपने पति से अलग रह रही थीं।कांगड़ा के डीएसपी सुनील राणा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि हमने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उस होटल के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है जिस होटल में महिला को ले जाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि महिला का पति प्लंबर का काम करता है। महिला कई दिनों से अपने मायके में रह रही थीं। पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल गाड़ी को बरामद करने की कोशिशें की जा रही है।