Mumbai Crime News: मुंबई के एक फ्लैट में 79 साल के एक बुजुर्ग शख्स ने अपनी 76 साल की बीमार पत्नी पर चाकू से हमला कर कथित तौर पर उसकी हत्या करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपनी गर्दन पर चाकू चलाकर आत्महत्या का भी प्रयास किया। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह हादसा शुक्रवार सुबह सामने आया जब दंपति की घरेलू सहायिका उपनगर कांदिवली के ठाकुर गांव स्थित मर्करी सोसाइटी की तीसरी मंजिल पर उनके फ्लैट में पहुंची।
लंबी बीमारी के चलते बिस्तर पर पड़ी महिला और उसके पति थे निराश
मुंबई के समता नगर थाने के अधिकारी ने बताया कि हमलावर बुजुर्ग की पहचान विष्णुकांत नारसिपा बलूर के रूप में हुई है और उनकी पत्नी का नाम शंकुतला है। दोनों का इलाज यहां अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि लंबी बीमारी के चलते महिला बिस्तर पर थी और चलने फिरने में असमर्थ थी। वे दोनों इससे निराश थे। घरेलू सहायिका जब शुक्रवार सुबह उनके घर पहुंची तो बहुत देर तक घंटी बजाने के बाद भी कोई दरवाजे पर नहीं आया। उसने इमारत के चौकीदार को इसकी सूचना दी।
घरेलू सहायिका और चौकीदार ने पुलिस को बताया आंखों देखा हाल
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब घरेलू सहायिका और चौकीदार दंपति के घर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि दरवाजा खुला हुआ है। अंदर जाकर उन्होंने बुजुर्ग महिला को खून में लथपथ हालत में पाया। उन्होंने बताया कि दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति के अमेरिका में रहने वाले बेटे को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है। इलाज के दौरान डॉक्टर के कहने के बाद पुलिस बुजुर्ग दंपति का बयान दर्ज करेगी।
सोशल मीडिया पर महिला को परेशान करने पर दो लोगों की हत्या
इससे अलग महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कसारा घाट से जून में बरामद हुए दो शवों की जांच के बाद उनकी हत्या के आरोप में शिरडी से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि चारों आरोपियों को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक सोशल मीडिया पर उनकी एक परिचित महिला को कथित तौर पर परेशान कर रहे थे, जिस कारण उन्होंने दोनों व्यक्तियों की हत्या कर दी।
मुंबई-नासिक हाइवे पर कसारा में मिले दो शवों का मामला सुलझा
दोनों व्यक्तियों के शव कसारा घाट पर 19 जून को अलग-अलग जगहों पर मिले थे। इसके बाद, पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि अहमदनगर जिले के लोनी पुलिस थाने में दो लोगों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस की जांच टीम ने पुष्टि की कि लापता व्यक्तियों का विवरण मुंबई-नासिक हाइवे पर कसारा में मिले दो शवों जैसा है।
अधिकारी ने बताया कि जांच के आधार पर पुलिस ने 23-25 वर्ष के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वे सभी अहमदनगर जिला स्थित शिरडी शहर के रामनगर के रहने वाले हैं।