सरकारी कर्मचारियों से बदसलूकी की कई खबरें अब तक सामने आई हैं। आज हम बात कर रहे हैं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेता सोनाली फोगाट की। सोनाली फोगाट की पहचान एक टिकटॉक स्टार के तौर पर भी रही है। साल 2020 में भाजपा नेता सोनाली फोगाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो में भाजपा नेता एक सरकारी कर्मचारी को चप्पल से पिटती नजर आई थीं।
उस वक्त घटना के बारे में बताया गया था कि यह वीडियो हरियाणा के हिसार जिले का है। दरअसल जून के महीने में जिले में सोनाली फोगाट कृषि/किसान बाजार का मुआयना करने के लिए वहां पहुंची थीं। कहा जा रहा था कि उनके पास कुछ किसानों की शिकायतों की सूची थी जिसे लेकर वो Agricultural Produce Market Committee के सदस्य सुल्तान सिंह के पास लेकर पहुंचीं थीं।
आरोप लगा था कि सरकारी कर्मचारी सुल्तान सिंह ने भाजपा की महिला नेता के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इसके बाद सोनाली फोगाट ने सरकारी कर्मचारी की चप्पल से पिटाई शुरू कर दी थी। इस दौरान सोनाली फोगाट सरकारी अधिकारी को गालियां देतीं और उससे यह भी कहती सुनाई दे रही थीं कि ‘तुम लोगों को जीने का अधिकार नहीं है।’
इस वीडियो के वायरल होने के बाद काफी हंगामा भी मचा था। बताया गया था कि सरकारी कर्मचारी की पिटाई के बाद भाजपा नेता ने वहां पुलिस को भी बुला लिया था और उनसे अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट लिखने के लिए भी कहा था। बाद में इस मामले में सार्वजनिक जगह पर सरकारी कर्मचारी को पीटने के आरोप में सोनाली फोगाट को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि वो रिहा हो गई थीं।
उस वक्त अपने टि्वटर हैंडल पर यह वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा था कि, ‘‘खट्टर साहब, क्या हरियाणा के कर्मचारी आपके नेताओं से अपमानित हो थप्पड़-चप्पल खाने के लिए हैं? क्या हरियाणा के कर्मचारी भाजपा के नौकर हैं? क्या कर्मचारी जानवर हैं? कार्यवाही कब करेंगे?’’
बता दें कि सोनाली फोगाट हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरी थीं। लेकिन सोनाली की पहचान इससे कहीं ज्यादा है। सोनाली फोगाट एक ऐक्ट्रेस हैं। वह दूरदर्शन पर शोज की एंकरिंग कर चुकी हैं और सबसे बड़ी बात यह कि वह टिकटॉक की स्टार रह चुकी हैं।
