हरियाणा के पानीपत जिले में कथित तौर पर परिवार के सामने की तीन महिलाओं का सामूहिक दुष्कर्म किया गया। अब मामले को लेकर विपक्षी दल ने शुक्रवार को मनोहर लाल खट्टर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था बुरी तरह खराब हो चुकी है। महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं।

सामूहिक दुष्कर्म की यह घटना गांव में बने फार्महाउस पर हुई। उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक शख्स ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई महीनों से यहां अपने परिवार के साथ रह रहा है। यहां उसके अन्य रिश्तेदार भी रहते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वे सो रहे थे तभी चार नाकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। उनके पास हथियार भी थे।

आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के लोगों को रस्सी से बांध दिया और उसके बाद घर की तीन महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने कहा था कि आरोपी नकदी और आभूषण भी लूटकर ले गए। दुष्कर्म की घटना वाली जगह से एक किलोमीटर दूर एक अन्य वारदात में बदमाशों ने बीमार महिला पर हमला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं बदमाशों ने उसके पति के साथ लूटपाट की। मामले में मतलौडा पुलिस थाना प्रभारी विजय ने कहा, ‘‘आरोपी अभी फरार हैं। मामले की जांच की जा रही है।’’

कांग्रेस ने कहा महिलाएं अपने घरों में भी नहीं है सुरक्षित

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि महिलाएं अपने घर में भी सुरक्षित नहीं हैं। एक्स पर पोस्ट कर सैलजा ने कहा, ‘‘अपराधियों में कानून का डर ही नहीं है। खट्टर साहेब यह कैसी कानून व्यवस्था है?’’ इसके साथ ही कुमारी सैलजा ने मानवता को शर्मसार करने वाले इन ‘हैवानों’ को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। वहीं आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा, ‘‘एक गिरोह पूरी रात तांडव मचाता है और पुलिस के पास कोई सुराग तक नहीं है। यह राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।’’ फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।