‘पापा बगल में सोने के लिए कहते और कई बार उन्होंने मरे साथ रेप किया।’ अपनी बेटी की जुबान से यह भयानक दास्तान सुनकर उसकी मां के होश फाख्ता हो गए। यह मामला गुरुग्राम का है। पीड़ित लड़की नाबालिग है। लड़की की मां जब काम से लौट कर घर आई तब उसने अपनी आपबीती उन्हें सुनाई। लड़की ने बताया कि उसके पिता चाकू की नोंक पर उसके साथ बलात्कार करते हैं।
‘Times Now’ की रिपोर्ट के मुताबिक उसके पिता उसे जान से मारने की धमकी भी दिया करते थे। लड़की ने अपनी मां को जो भयानक दास्तान सुनाई उसके आधार पर उन्होंने पुलिस में अपनी रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि ‘लड़की के पिता अक्सर गांजा पीया करते हैं। गांजे के नशे में चाकू उनकी बेटी के गर्दन पर रखकर कई बार उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब उसने उनका विरोध किया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी।…इतना ही नहीं पिता ने यह भी धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में मुंह खोला तो वो उसके छोटे भाई को भी चाकू मारकर घायल कर देंगे। आरोपी युवक अक्सर अपनी बेटी को अपने बगल में सुलाने की जिद भी करता था।’
इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ Protection of Children from Sexual Offences (POCSO) Act के तहत सेक्शन 6 और भारतीय दंड संहिता की धारा के तहत सेक्शन 506 में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बीते बुधवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की ने अपनी मां को पिता की करतूतों के बारे में सबसे पहले बताया था और फिर अब थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है।
आपको याद दिला दें कि पिछले साल जून के महीने में बिहार से भी ऐसी ही खबर आई थी। पटना की रहने वाली एक लड़की ने अपने पिता पर उसके साथ 3 सालों से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। लड़की ने पुलिस को बताया था कि उसने अपने पिता की शिकायत अपनी सौतेली मां से भी की थी लेकिन उन्होंने उसे शांत रहने के लिए कहा था। इस मामले में भी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की थी।

