मध्य प्रदेश के इंदौर से दिल को दुखाने वाली एक घटना सामने आई है। यहां मंगलवार को एक शादी समारोह की खुशियां तब मातम में बदल गईं जब 21 साल के दूल्हे की अचानक मौत हो गई। असल में आर्य समाज मंदिर में लड़का-लड़की की लव मैरिज हो रही थी। मौके पर दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे। सब कुछ सही चल रहा था तभी किसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। इसके बाद दूल्हे ने जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। 20 साल की दुल्हन को दूल्हे के जहर खाने की बात जैसे ही पता चली उसने भी प्वाइजन पी लिया। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया । जहां डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया वहीं दुल्हन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
इस मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है कि मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शादी समाहोर के समय हुए झगड़े के बाद दूल्हे ने जहर खा लिया। इसके बाद दुल्हन ने भी जहर पी लिया। दूल्हे की मौत हो गई। जबकि दुल्हन का इलाज चल रहा है। वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। पुलिस ने मीडिया से बताया कि कनाडिया इलाके के एक आर्य समाज मंदिर में शादी समारोह के समय किसी बात को लेकर झगड़ा होने के बाद दूल्हे ने जहर खा लिया। दुल्हन को जैसे पता चला उसने भी जहर पी लिया।
दूल्हे के परिवार ने लगाया आरोप
इस मामले में दूल्हे के परिवार ने दुल्हन पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लड़की लड़के पर शादी का दबाव बना रही था। वह अभी शादी नहीं करना चाहता था। वह अपने करियर पर फोकस करना चाहता था। उसने लड़की से दो साल का समय मांगा था। इसके बाद लड़की ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी थी। जवान बेटे के खोने वाले परिवार के ऊपर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा है। थोड़ी देर पहले वे उसकी शादी का सेहरा पहना रहे थे और अब उसकी अर्थी उठाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं लड़की के घरवालों का भी बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
नोट: सुसाइड करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। जिंदगी में कितनी भी मुश्किलें क्यों ना आएं खुदकुशी का ख्याल अपने मन में लाना भी पाप है।