जमानत मिल जाने के बावजूद डॉक्टर कफील खान की अब तक रिहाई नहीं हो पाई है। करीब 4 दिन पहले Chief Judicial Magistrate (CJM) ने मथुरा जेल में बंद डॉक्टर कफील को जमानत दे दी थी। लेकिन अब तक जेल से रिहा नहीं हो पाने की वजह से उनके परिजन काफी परेशान हैं। यहां सबसे पहले आपको बता दें कि डॉक्टर कफील खान (Dr Kafeel Khan) पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यलय (Aligarh Muslim University) में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बीते 12 दिसंबर को प्रदर्शन के दौरान हेट स्पीच देने का आरोप है।
इस मामले में वो मथुरा जेल में बंद हैं। लेकिन जमानत के बावजूद रिहाई नहीं हो पाने के बाद इस मामले में डॉक्टर कफील के परिवार वालों ने दोबारा अदालत का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद बीते 13 फरवरी को सीजेएम की तरफ से जेल प्रशासन को डॉक्टर कफील को रिहा करने का मैसेज भी भेजा गया है।
डॉक्टर कफील खान 29 जनवरी को मुंबई बाग में सीएए के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले थे। इसी दिन उन्हें मुंबई में गिरफ्तार किया था। उनपर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आऱोप है।। डॉक्टर कफील खान को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें अलीगढ़ लाया गया था और फिर उन्हें मथुरा जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया।
कफील खान BRD Medical College Hospital, Gorakhpur में कार्यरत हैं और फिलहाल सस्पेंड है। हेट स्पीच देने के मामले में डॉक्टर कफील खान को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई थी। जमानत के लिए उन्होंने 60,000 रुपए का बॉन्ड भी भरा था। साथ ही साथ उन्हें अदालत से सख्त हिदायत दी गई थी कि वो दोबारा ऐसा अपराध नहीं करेंगे।
इधऱ मथुरा जिला कारागार प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि शुक्रवार को डॉक्टर कफील की रिहाई हो सकती है। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि कुछ जरुरी कागजी प्रक्रियाओं के पूरा नहीं हो पाने की वजह से यह रिहाई मुमकिन नहीं हो पाई।

