मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को एक लड़की का अपहरण हुआ था। अब लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। ग्वालियर के एक पेट्रोल पंप से लड़की का अपहरण हुआ था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है। लड़की गुना के एक लॉज में मिली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

सबसे अहम बात यह है कि लड़की और आरोपी तीनों तीन साल से एक दूसरे से परिचित हैं। सोमवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक पेट्रोल पंप से दो लोग दिन दहाड़े लड़की को उठाकर ले जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया।

अपहरण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पर ग्वालियर एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने कहा, “कल ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी पेट्रोल स्टेशन के पास से अगवा की गई 19 वर्षीय लड़की गुना के एक लॉज में मिली है। मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। आरोपी को लहार से पकड़ लिया गया है।”

वहीं पुलिस ने इस घटना में शामिल बाइक को भी बरामद कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला की बाइक से ही दोनों आरोपी लड़की को गुना तक ले गए और एक लॉज में ठहरे थे। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह भिंड की रहने वाली है और बस से ग्वालियर आई थी। लड़की ग्वालियर में अपने एक रिश्तेदार के घर गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल होने वाली थी।

वायरल वीडियो के अनुसार लड़की पहले पेट्रोल पंप के वॉशरूम में जाती है और उसके बाद दोनों लड़के वहां पहुंचते हैं। इसके बाद दोनों लड़के, लड़की को बाइक पर बिठाते हैं और फरार हो जाते हैं। लड़की के परिजनों ने झांसी रोड थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।

अपहरण पर एडिशनल एसपी ऋषिकेश मीणा ने कहा था कि लड़की अपने चाचा-चाची के साथ पेट्रोल पंप के पास बस से उतरी थी। यहीं पर दो बदमाशों ने उसे पक़ड लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर उसे किडनैप कर ले गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।