खूबसूरत वादियों और ऊंचे पहाड़ों की नगरी हिमाचल प्रदेश रेप की एक गंभीर वारदात से एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार शिकार बनी है 19 साल की एक लड़की। शिमला में इस लड़की के साथ चलती कार में रेप किया गया। मामला माल रोड इलाके का है। पीड़ित लड़की ने थाने में जो एफआईआर दर्ज कराई है उसके मुताबिक जब वो रात करीब 10 बजे माल रोड के रास्ते धाली जा रही थी तब सड़क पर एक कार आकर उसके बिल्कुल सामने रुकी। कार में सवार शख्स ने उसे खींच कर जबरदस्ती अपनी कार में बैठा लिया और चलती कार में इस शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह घटना बीते सोमवार (29 अप्रैल, 2019) को उस वक्त उजागर हुई जब पीड़ित लड़की ने इस मामले में थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया है। इसके अलावा दुष्कर्म के आरोपी दरिंदे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 354 और 506 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीते रविवार (28 अप्रैल, 2019) की रात 10 बजे उसे अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक शिमला के एसपी ओमापति जमवाल ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और जांच जारी होने की वजह से अभी इस पूरे मामले पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चलती कार में लड़की से रेप के बाद आरोपी उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गया था और उस वक्त लड़की के शरीर पर एक भी कपड़े नहीं थे। लड़की ने गुड़िया हेल्पलाइन पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। साल 2017 में हिमाचल प्रदेश के कोटखाई में हुए भयानक दुष्कर्म कांड के बाद ही महिलाओं की मदद के लिए गुड़िया हेल्पलाइन बनाया गया था। बहरहाल इस घिनौने अपराध ने एक बार फिर साल 2012 में नई दिल्ली में हुए चर्चित ‘निर्भया रेप कांड’ की याद दिला दी है। उस वक्त भी अपराधियों ने पीड़ित पर चलती बस में बेहद ही क्रूरतापूर्वक यौन हमला किया था और उसे बस से नग्न हालत में फेंककर फरार हो गए थे। बाद में लड़की ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। (और…CRIME NEWS)
