कोलकाता में एक युवक को भरी बस में लड़की के साथ छेड़खानी करना भारी पड़ गया। लड़की कोलकाता एयरपोर्ट पर काम करती है। वह बस से घर लौट रही थी। वह बस में चढ़ी तो उसे सीट मिल गई। जब वह बस में बैठी तो लोग कम थे मगर बाद में काफी भीड़ हो गई। इसी बीच आरोपी बस में चढ़ा और लड़की के पास आकर खड़ा हो गया। इसके बाद वह आरोपी लड़की के साथ छेड़खानी करने लगा। वह लड़की पर गंदे-गंदे कंमेट करने लगा।
लड़की ने पहले तो ध्यान नहीं दिया मगर जब उसने सुना तो छेड़खानी का विरोध किया। इतना ही नहीं लड़की ने उसे सबक सिखाने की ठानी। इसलिए उसने 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को इनफॉर्म किया और साल्ट लेक बाईपास के पास बस रूकवा दी। लड़की ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को घसीट कर सबके सामने बस से बाहर ले आई। इसके बाद लड़की ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। 30 साल के आरोपी का नाम एसके सोंटू है और वह मेटियाब्रुज का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, जब लड़की बस में सफर कर रही थी तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की। लड़की ने विरोध किया तो उसके साथ बदतमीजी की। लड़की शाम करीब साढ़े छह बजे हवाईअड्डे के बाहर बारासात-संतरागाछी रास्ते पर चलने वाली बस में सवार हुई और उसे सीट मिल गई। जब तक बस इको पार्क पहुंची, तब तक उसमें काफी भीड़ हो चुकी थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला के सामने खड़ा हो गया और कथित तौर पर उस पर कमेंट करने लगा। लड़की ने उसका विरोध किया और बस में सवार यात्रियों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसने पीड़िता पर हमला बोल दिया और उसे गलत तरीके से छुआ।
इसके बाद बस जब निक्को पार्क के पास पहुंचने वाली थी तो पीड़िता ने सड़क पर ट्रैफिक पुलिस को देखा। उन्हें देखते ही लड़की ने बस की खिड़की से मदद मांगी। जिसके बाद पुलिस ने बस को रोक दिया और पीड़िता ने आरोपी को घसीटते हुए बाहर निकाला। थोड़ी देर में वहां पुलिस पहुंच गई और आरोपी को पकड़ लिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी को साल्ट लेक कोर्ट में पेश कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।