उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बुजुर्ग महिला को सड़क पर गिरा कर सरेआम पीटा गया। महिला की बेरहमी से पिटाई किये जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक शख्स महिला को सड़क पर बेरहमी से पीट रहा है। दिनदहाड़े सड़क पर महिला की पिटाई की जा रही है और आसपास से गुजर रहे लोग वहां तमाशबीन बनकर खड़े हैं। महिला की काफी पिटाई करने के बाद यह शख्स पास रखे एक कुर्सी से भी महिला पर हमला करता है उसके बाद वो बेहोश हो जाती हैं।

महिला के बेहोश हो जाने के बाद यह शख्स बड़ी आराम से टहलता हुआ वहां से निकल जाता है और कोई भी उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गाजियाबाद के कविनगर के रजापुर का है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले सुनील चौधरी नाम के एक शख्स ने उनकी बेटी से छेड़खानी की थी। छेड़खानी का विरोध करने पर सुनील चौधरी ने सरेआम उन्हें पीट दिया। इस घटना के बाद यहां पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर सवालिया निशान उठने लगे हैं।

इधर वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले पर गाजियाबाद पुलिस ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘वादी द्वारा लिखायी गयी FIR में छेडखानी का जिक्र नहीं है सिर्फ मारपीट का जिक्र है अभियुक्त को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।’

बताया जा रहा है कि महिला की पिटाई की यह घटना 12 सितंबर को हुई है। जिसका वीडियो अब वायरल हुआ है जिसके बाद आरोपी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के परिवार का आरोप है कि उनका मेडिकल चेकअप ठीक से नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि बुरी तरह पिटाई किये जाने की वजह से बुजुर्ग महिला काफी देर तक सड़क पर ही बेसुध पड़ी रहीं लेकिन कोई भी उन्हें उठाने भी नहीं आय़ा।

आपको याद  दिला दें कि कुछ दिनों पहले गाजियाबाद में ही बदमाशों ने एक पत्रकार को सरेआम गोली मार दी थी। पत्रकार ने अपनी भांजी के साथ छेड़खानी का विरोध किया था। उन्हें गोली मारे जाने का एक वीडियो भी सामने आया था। इस मामले में बाद में पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा था।