यूपी के गाजियाबाद से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है, यहां एक पति कथित तौर पर अपने पत्नी को बॉलीवुड एक्टर नोरा फतेही जैसी दिखने के लिए मजबूर करता था। वह उसे जबरन रोजाना तीन-तीन घंटे की एक्सरसाइज करवाता था। अगर वह पूरा वर्कआउट नहीं कर पाती थी तो उसे खाना नहीं देता था, भूखे रखता था। पत्नी ने तंग आकर महिला थाने में अपने पति खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
पति पर आरोप है कि वह अक्सर अपनी पत्नी को ताना मारता था कि मुझे हिरोइन जैसी पत्नी मिल सकती थी। महिला का कहना है कि उसका पति एक सरकारी फिजिकल एजुकेशन टीचर है, वह उसे हमेशा पतला होने के नाम पर टॉर्चर करता था। पति कहता था कि मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई, मुझे नोरा जैसी पत्नी मिल सकती थी। पति कहता कि वह रोजाना तीन घंटे एक्सरसाइज करे ताकि उसकी बॉडी बॉलीवुड एक्टर नोरा जौसी दिखने लगे। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह थकान, कमजोरी और खराब सेहत के कारण वर्कआउट पूरा नहीं कर पाती थी तो उसे कई दिनों तक भूखा रखता था।
महिला ने बताया कि मार्च 2025 में ही दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी। महिला ने बताया कि उसकी शादी में गहने, 24 लाख की महिंद्रा स्कॉर्पियो, 10 लाख कैश और आदि चीजें गिफ्ट मिली थीं। उसकी शादी में लगभग 76 लाख रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद ससुराल के लोग और अधिक दहेज मांगने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल के लोग जमीन, कैश और महंगे सामान की मांग करते थे। जब वह इस बात से इनकार करती थी तो उसे टॉर्चर किया जाता था।
महिला ने आरोप लगाया कि पति अक्सर दूसरे महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो देखता था। इसका विरोध करने पर उसे मारापीटा गया। महिला ने कहा कि शादी के बाद जब वह गर्भवती हुई तो उस समय भी उसे परेशान किया गया। ससुराल के लोगों ने उसे ऐसा खाना दिया जिससे उसकी सेहत खराब हो गई और मिसकैरेज हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव और असहनीय दर्द की स्थिति में वह अस्पताल गई। डॉक्टर ने पाया कि मानसिक तनाव, शारीरिक प्रताड़ना और गलत खान-पान के कारण उसका गर्भपात हुआ।
इस समय भी ससुराल के लोगों ने उसे सपोर्ट नहीं किया। आखिर में परेशान होकर महिला अपने मायके आ गई। हालांकि उसके साथ टॉर्चर जारी रहा। पीड़िता का कहना है कि पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उसे न्याय मिल सके। मामले में पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर महिला के आरोपों की जांच की जाएगी, फिलहाल जांच की जा रही है।