उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिनदहाड़े एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) की पिटाई कर दी गई। न्यूज एजेंसी ‘ANI’ की खबर के मुताबिक ADM मदन सिंह गर्बयाल राज नगर के सेक्टर 14 स्थित एक पार्क में सुबह के वक्ट टहलने गए थे। यहां एक शख्स ने क्रिकेट के बल्ले से उनकी जमकर पिटाई कर दी।
एडीएम की पिटाई करने वाले शख्स का नाम जसबीर सिंह बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते रविवार (01-03-2020) की है। विश्वनाथ पार्क में हुई पिटाई के बाद लहुलूहान एडीएम को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिटाई से एडीएम के सिर और चेहरे पर कई गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि चिकित्सकों ने अभी कहा है कि एडीएम की हालत स्थिर है।
इधर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एडीएम पर हमला करने वाले शख्स जसबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जसबीर सिंह पहले आर्मी में था। लेकिन साल 1995 में कोर्ट मार्शल के बाद उसे आर्मी से निकाल दिया गया था। इसके बाद जसबीर सिंह ने एक मॉल में बाउंसर की जॉब पकड़ ली।
हालांकि कुछ दिनों के बाद उसकी यह जॉब भी छूट गई। इस मामले में गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडे ने कहा है कि ऐसा लगता है कि आरोपी जसबीर सिंह की दीमागी हालत ठीक नहीं है।
गाजियाबाद के एसएसपी कलानिधि नथानी ने कहा है कि एडीएम पर हुए हमले की जांच चल रही है। जसबीर सिंह ने एडीएम को क्यों मारा? अभी इस बात का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जब तक मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक इसमें कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
आपको बता दें कि इससे पहले यूपी के बलिया जिले से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। साल 2019 में अप्रैल के महीने में बलिया के एक ग्राम प्रधान पर डीएम के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा था। डीएम के साथ यह बदसलूकी उनके दफ्तर में की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

