एक भयानक और निर्मम वारदात में मोरक्को की रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला ने उसके मांस का कीमा बनाकर उसके मांस को ग्रांइडर से पीस दिया। महिला ने मांस के कीमे से पारंपरिक अरबी पकवान ‘मैचबूस’ बनाया और इस पकवान को पास की इमारत में काम कर रहे कुछ मजदूरों को भी खिलाया। बाद में महिला ने बचे हुए पकवान को पड़ोसियों के कुत्तों को खिला दिया। ये वाकया यूएई के अल—ऐन शहर का है।

खलीज टाइम्स में प्रकाशित खबर के मुताबिक, महिला के प्रेमी की उम्र करीब 20 साल की थी। महिला ने ये कदम प्यार में मिले धोखे के बाद उठाया। महिला का प्रेमी उसे छोड़कर किसी अन्य महिला के प्यार में पड़ गया था। जबकि हत्या करने वाली महिला बीते 7 सालों से अपने प्रेमी के सभी वित्तीय खर्च उठा रही थी। सूत्रों के मुता​बिक, प्यार में धोखा खाई महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने जांच एजेंसियों को बताया कि उसी ने अपने प्रेमी के सभी अवशेषों को काटकर खत्म किया था।

मामला तब प्रकाश में आया, जब पीड़ित के अजमान में रहने वाले भाई ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। ये रिपोर्ट जनवरी, 2018 में लिखवाई गई थी। बाद में वह दोनों के घर अल ऐन भी गया। वहां पर उसने अपने लापता भाई के बारे में भी पूछताछ की। पूछताछ में उसकी प्रेमिका ने उससे झूठ बोला कि उसे नहीं पता है कि वह कहां है? उसने मृतक के भाई से यह भी कहा कि दोनों का ब्रेकअप उसी वक्त हो गया था, जब उसके प्रेमी ने किसी दूसरी महिला से शादी करने का फैसला किया था।

हालांकि, मृतक के भाई ने महिला के घर के ब्लैंडर में एक मानव दांत फंसा हुआ देखा था। इससे उसे हत्या का शक हुआ। भाई ने अल—ऐन पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ने ब्लैंडर से मानव दांत को बरामद करके उसका डीएनए टेस्ट करवाया। डीएनए टेस्ट के नतीजों से ये बात साबित हो गई कि वह दांत मृतक का ही था। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने बाद में पुलिस को बताया कि उसने अपने घर की सफाई के लिए एक दोस्त की भी मदद ली थी।