एक शादी समारोह में TikTok वीडियो शूट करने को लेकर बातों ही बातों में बहस हो गई और फिर इस बहसबाजी का परिणाम आगे चलकर बेहद ही भयानक हुआ। बहसबाजी का यह विवाद कुछ दिनों तक चलता रहा और फिर एक दिन गोलियां बरसा कर जान लेने की भी कोशिश की गईं। इस गोलीबारी में 4 लोग जख्मी हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की यह घटना नई दिल्ली में हुई है। मंगलवार (09-12-2019) को पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गोलीबारी की घटना बीते सोमवार को अगर नगर के सोम विहार में हुई और इसमें चार लोग गोली लगने की वजह से जख्मी हो गए। पुलिस ने यह भी बताया कि TikTok Video बनाने के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हुई थी जिसकी वजह से गोलीबारी की यह घटना हुई।
इस फायरिंग में घायल होने वाले लोगों की पहचान 25 साल के रवि शर्मा, 46 साल के राजेंद्र, 23 साल के हिमांशु पाल और 21 साल के संजीव कुमार के तौर पर हुई है। इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (रोहिणी) एसडी मिश्रा ने कहा कि ‘हमें सोमवार की रात करीब सवा दस बजे इस घटना के बारे में जानकारी मिली…सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि बीते 29 नवंबर को एक शादी में शिरकत करने के लिए युवकों का दो अलग-अलग ग्रुप पहुंचा था। यहां एक ग्रुप के लोग TikTok video बना रहे थे जिसका विरोध दूसरे ग्रुप के लोगों ने किया…लेकिन इस बात को लेकर दोनों ग्रुप के सदस्यों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। अगले दिन एक ग्रुप के लोगों ने दूसरे ग्रुप के एक सदस्य की पिटाई कर दी।
कुछ दिनों के बाद मार खाया युवक अपनी पिटाई का बदला लेने के लिए अपने विरोधी ग्रुप के सदस्यों को शिद्दत से तलाश रहा था। इस दौरान उसकी नजर विरोधी ग्रुप के एक सदस्य की मां पर पड़ी। जिसके बाद इस लड़के ने उसकी मां के साथ बहस की और उन्हें गालियां भी दी। बाद में इस महिला के लड़के ने अपनी मां के साथ बुरा बर्ताव करने वाले युवक को जान से मारने की धमकी भी दी।
बीते सोमवार की रात एक ग्रुप के तीन सदस्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर उस कमरे में पहुंचे जहां दूसरे ग्रुप के सदस्य जुआ खेल रहे थे। बाइक से आए लोग अचानक कमरे में दाखिल हुए और उन्हें धड़ाधड़ फायरिंग शुरू कर दी। कमरे में 8 गोलियां चलाई गई थीं और इस गोलीबारी में 4 लोग जख्मी हो गए।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास), धारा 34 और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास में जुटी हुई है।
https://www.youtube.com/watch?v=2smr_NqJgTM
पुलिस ने जानकारी दी है कि जिस कमरे में गोलियां चलाई गईं वो जुए का अड्डा था और 22 नवंबर को जुए के अड्डे को चलाने वाले रैकेट के खिलाफ एक केस दर्ज कराया गया था और पुलिस ने इस मामले में शिवम नाम के एक शख्स को गिरफ्तार भी किया था।

