कभी-कभी ऐसी खबरें हमारे सामने आती हैं जिनपर भरोसा करने को मन नहीं करता। भला एक पिता अपनी पत्नी के खातिर अपने ही बेटे की जान कैसे ले सकता है? मामला मध्य प्रदेश के इंदौर का है। यहां एक पिता ने अपने सात साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। उसने ऐसा अपनी दूसरी पत्नी के लिए किया। जो हमेशा कहती थी कि वह सौतेले बेटे के साथ नहीं रह सकती। इस बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। वह सौतेले बेटे को लेकर इतनी नाराज थी कि अपने मायके जा कर रहने लगी। घटना तेजाजी नगर इलाके की है।

दूसरी पत्नी ने रखी शर्त

पति ने उससे कहा कि वह घर आ जाए मगर उसने मना कर दिया। उसने कहा कि जब तक सौतेला बेटा उस घर में है वह ससुराल नहीं आएगी। इस बात को लेकर 26 साल का युवक परेशान रहने लगा। इसके बाद उसने अपने बेटे को ही रास्ते से हटाने की योजना बना ली। जिन हाथो से उसने अपने बेटे को चलना सिखाया था उन्हीं हाथो से उसका गला दबा दिया। उसका छोटा बेटा छटपटाता रहा मगर उसे दया नहीं आई। उसने तब तक बेटे के गले को दबाकर रखा जब तक उसके प्राण ना निकल गए।

6 साल पहले पहली पत्नी का निधन हो गया था

इस मामले में एसीपी आशीष पटेल का कहना है कि आरोपी का नाम शशिपाल मुंडे है। उसकी पहली पत्नी की मौत 6 साल पहले हो गई थी। मृत बच्चा उसकी पहली पत्नी से था। इसके बाद उसने दूसरी शादी की। उसकी दूसरी पत्नी इसी बात पर अड़ी हुई थी कि वह उसके बेटे को अपने साथ नहीं रखेगी। इस विवाद के बाद वह अपने मायके राजगढ़ में जाकर रहने लगी। वह घऱ लौटने को तैयार नहीं थी।

मृतक के चाचा राजेश मुंडे का कहना है कि “मेरे भतीजे की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था। जिसके बाद उसके पिता शशिपाल मुंडे ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी। महिला का शशिपाल से भतीजे को लेकर विवाद होता रहता था। पत्नी से जब अनबन अधिक बढ़ गई तो आरोपी ने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।