उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुलिस ने शुक्रवार को एक 22 साल के सीरियल किलर और यौन अपराधी को गिरफ्तार किया। पिछले साल अक्टूबर में 13 साल लड़की के साथ बलात्कार के असफल प्रयास के बाद उस पर कथित हमले के मामले में वांटेड था। लड़की को कन्नौज के एक सरकारी गेस्ट हाउस के पास झाड़ियों में खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पाया गया था। अपराधी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्त में लिया गया।
नाबालिग लड़कियों और लड़कों की हत्या से पहले यौन उत्पीड़न
जानकारी के मुताबिक कन्नौज के पड़ोसी जिले फर्रुखाबाद का रहने वाला आरोपी रामजी वर्मा किशोर होने के दौरान सुधार गृह में सजा काट चुका है। उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम भी था। कन्नौज पुलिस ने कहा कि आरोपी वर्मा का नाबालिग लड़कियों और लड़कों की हत्या करने से पहले उनका यौन उत्पीड़न करने का इतिहास रहा है।
आरोपी के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशनों में आठ मामले दर्ज
कन्नौज जिला के पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशनों में आठ मामले दर्ज हैं। साल 2018 में उसके खिलाफ चार मामले दर्ज किए गए, जिनमें यौन उत्पीड़न और दो नाबालिगों की हत्या भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कन्नौज पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शुक्रवार को फर्रुखाबाद स्थित अपने घर जाने के लिए जिले के एक इलाके से गुजरेगा।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली
सिंह ने कहा कि इसके बाद उन्होंने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। अधिकारियों ने दावा किया कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं और जब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो वह दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने इलाज के लिए उसको अस्पताल में भर्ती कराया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।