बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। दरअसल यहां एक महिला का उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर मर्डर कर दिया था, इसके बाद वे उसका शवदाह भी करने लगे। लेकिन इसी बीच महिला का पिता मौके पर पहुंच गया। इसके दौरान उसने अपनी बेटी का अधजला हाथ उठाया और शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गया।
पांच लोगों पर दर्ज हुआ केसः लौरिया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार भट्ट ने बुधवार (25 सितंबर) को बताया कि महिला का नाम संगीता देवी था और वह भुटकुन राम की पत्नी थी। इस मामले में संगीता के पिता रामनाथ राम ने अपने दामाद सहित उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कथित हत्या की वारदात को मंगलवार (24 सितंबर) को अंजाम दिया गया। भट्ट ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है।
मृतका के दो बच्चे हैंः साठी थाना के तहत आने वाले परोरहा गांव निवासी रामनाथ राम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने अपनी बेटी संगीता की शादी 10 साल पहले सूअरछाप गांव निवासी भुटकुन राम के साथ धूमधाम से की थी। उनकी बेटी को आठ और सात साल के दो बेटे भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया की बेटी के ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। रामनाथ ने आरोप लगाया कि मंगलवार की रात संगीता के पति, देवर संजीत, दीपू और ससुर ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
https://youtu.be/q2_RWpUuIMA
छीना-झपटी में हाथ लेकर भागा पिताः उन्होंने आरोप लगाया कि संगीता की हत्या कर दिए जाने की जानकारी मिलने पर वह सूअरछाप गांव स्थित श्मशान पहुंचे और शव को जलाए जाने का विरोध किया। इस पर उनकी बेटी के ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट की। रामनाथ ने अपनी शिकायत में कहा कि वो नहीं चाहते थे कि अंतिम संस्कार किया जाए और छीना-झपटी में चिता से उन्होंने बेटी का अधजला हाथ निकाल लिया और उसे लेकर थाने पहुंचे ताकि इस अवशेष से उनकी बेटी की मौत का कारण पता चल सके।
