कोरबा के उरगा थानांतर्गत ग्राम भिलाईखुर्द में चोरी की एक अजीब घटना सामने आई है। यहां चोरों ने उस घर को निशाना बनाया जिनके घर शादी थी। बहू घर आई थी तो खुशी का माहौल था। परिवार के लोग जश्न मनाकर सोए थे। इसी बीच चोरों ने नशीली दवा छिड़कर घर के माल पर हाथ साफ कर दिया। यह ताजा मामला संजय पटेल नामक व्यक्ति के घर का है। संजय के घर से चोरों ने मोबाइल, जूलरी, नकदी समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।

नशीली दवा का किया उपयोग

असल में घर में शादी की रस्में चल रही थीं। पूरा परिवार जश्न मनाने के बाद थक कर सो रहा था। चोरों ने इसी का फायदा उठाया। परिवार वालों को चोरी की जानकारी तब हुई जब वे सुबह सोकर जगे। सभी के आंखों में जलन हो रही थी और सिर भारी थी इसी कारण आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने चोरी से पहले नशीली दवाई का उपयोग किया था।

पांव का पायल भी नहीं छोड़ा

परिवार के लोग जब सुबह जगे तो देखा कि घर का लॉकर टूटा हुआ था। घऱ का सामान बिखरा पड़ा था। इतना ही नहीं चोरों ने महिलाओं की पहनी हुई जूलरी भी नहीं छोड़ी थी। यहां तक कि महिलाओं के पैरों के पायल तक चोरी हो चुके थे। इसके बाद परिवार ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।

आलमारी का लॉकर तोड़ा

घर के सदस्यों का कहना था कि उनकी खुशियों को चोरों ने गम में बदल दिया। उनका कहना है कि वे शादी की थकान के कारण परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। चोरी की घटना के पिछले दिन की उनके घऱ नई-नवेली बहू आई थी। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया। जब घरवाले अगले दिन 5 बजे जगे तब उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद ही पुलिस को सूचना दी गई। चोरों ने घर में तोड़-फोड़ की, फिर भी घर के किसी सदस्य की नींद नहीं खुली।

परिवारवालों की शिकायत के अनुसार, चोरों ने 4 मोबाइल, चांदी के कई जोड़े पायल औऱ आलमारी की जूलरी सहित नकदी रकम उड़ा ले गए। कुल मिलाकर करीब एक लाख की चोरी हुई है। परिवार वालों को कहना है कि घऱ की महिलाएं सो रही थीं। उनके पैरों में पायल थी। चोरों ने महिलाओं के पैरों से पायल तक निकाल लिए। फिलहाल पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। उनका कहना है कि इस घटना को अंजाम कोई उनका जानकार व्यक्ति ही दे सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।