Pune Crime News: पुणे शहर की पुलिस ने एक अविवाहित महिला और उसके परिवार के सदस्यों को बदनाम करने के लिए फर्जी निकाहनामा तैयार करने के आरोप में एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की पहचान बुलढाणा निवासी तीस वर्षीय शेख खलील शेख जमील के रूप में की है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था।
महिला का फर्जी निकाहनामा और तस्वीरें वायरल
पुणे पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय महिला ने इस संबंध में जुलाई 2022 में चंदन नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। खराड़ी निवासी शिकायतकर्ता ने पाया कि उसके अविवाहित होने के बावजूद उसकी शादी के फर्जी दस्तावेज कुछ व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट किए गए थे। इसके बाद उसने इमरान शेख और शेख खलील शेख जमील सहित दो व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने कहा था कि बुरी नीयत से इस गैंग ने महिला और उसके परिवार को बदनाम करने की साजिश की थी।
इमरान की निशानदेही पर गिरफ्तार हुआ जमील
शिकायत के मुताबिक दोनों आरोपियों ने इमरान के साथ शेख के साथ मिलकर महिला की फर्जी शादी की तस्वीरें, एक फर्जी निकाहनामा और एक विवाह प्रमाण पत्र जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार किए। पुलिस द्वारा सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि इमरान शेख को पहले गिरफ्तार किया गया था, लेकिन शेख जमील फरार था। उसकी तलाश की जा रही थी। एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सब-इंस्पेक्टर गोरक्ष घोड़के की एक पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को बुलढाणा से शेख जमील को गिरफ्तार किया।
IPC की इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए शेख जमील बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था और अपना मोबाइल फोन नंबर भी बदल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468, 471, 500 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।