कई लोग Facebook और Instagram पर अपनी प्रोफाइल बनाते हैं और इसके जरिए देश-दुनिया में लोगों से संपर्क भी करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है। अक्सर कई लोग इस अपराध के गंभीर रुप से शिकार हो जाते हैं और उनकी प्राइवेसी तक सरेआम हो जाती है। हरियाणा के एक विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। इस छात्रा की कई सारी अश्लील तस्वीरें Facebook और Instagram पर धोखे से वायरल कर दी गई।
यह लड़की अब मानसिक तौर से काफी परेशान है और पुलिस के पास न्याय की गुहार लगा रही है। पीड़िता का कहना है कि किसी ने सबसे पहले उसके नाम से Instagram पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाया। इसके बाद इस शख्स ने उसकी एक सहेली से संपर्क कर पहले उससे उसकी कई निजी तस्वीरें लीं और फिर उसे फर्जी अकाउंट के जरिए वायरल कर दिया। इन तस्वीरों पर भद्दे कमेंट भी किए गए हैं। 24 जून 2019 को लड़की की नजर जब इंस्टाग्राम पर बने फर्जी अकाउंट पर पर पड़ी तो उसने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और सेल ने इस अकाउंट को डिलीट कर दिया।
इसके बाद जुलाई के शुरुआती सप्ताह में Facebook पर इस लड़की की एक फर्जी प्रोफाइल बनाई गई। Facebook पर भी उसकी कई तस्वीरें और कमेंट वायरल कर दिए गए। गंभीर बात यह भी है कि यहां लड़की का मोबाइल नंबर भी डाल दिया गया था। लड़की ने दोबारा साइबर सेल से संपर्क किया जिसके बाद फेसबुक से फर्जी आईडी फिर हटाई गई।
लेकिन अब इस लड़की को पता चला है कि उसकी तस्वीरें और उसपर किए गए भद्दे कमेंट्स विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया पर किए गए हैं। इस लड़की ने एक बार फिर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। लड़की का कहना है कि इस घटना से वो काफी अपमानित भी महसूस कर रही है। लड़की ने ऐसा करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (और…CRIME NEWS)