मुंबई की वाशी पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो अपनी पूर्व प्रेमिका की प्राइवेट तस्वीरों को वायरल करने की धमकी दे रहा था। इन फोटो के बदले वह अपनी प्रेमिका से 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। 39 वर्षीय आरोपी सांगली का रहने वाला है। दरअसल आरोपी महिला से शादी करना चाहता था लेकिन महिला ने उससे शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को धमकियां देनी शुरू कर दीं। महिला किराए के अपार्टमेंट में अपने 18 वर्षीय बेटे और भाई के परिवार के साथ रहती है। महिला 17 साल पहले अपने शराबी पति से अलग हो गई थी।

एक-दूसरे से शादी में मिले थे: बता दें कि तीन साल पहले महिला सांगली के इस्लामपुर में एक पारिवारिक शादी में एक दूर के रिश्तेदार यहां गई हुई थी। वहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। इसके बाद दोनों आपस में अपना फोन नंबर साझा किए। सांगली से आने के बाद महिला आरोपी से फोन पर बात करने लगी, जिससे इन दोनों के बीच रिश्ता और मजबूत होने लगा। धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के प्यार में पड़ गए। आरोपी अक्सर महिला से मिलने वाशी आया करता था और कभी-कभी महिला भी सांगली में उससे मिलने जाती थी।

Hindi News Today, 02 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की अहम खबरों के लिए क्लिक करें

महिला ने शादी करने से किया इनकार:  एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले एक साल से वह महिला को शादी के लिए बोल रहा था। लेकिन महिला ने समाज का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद भी आरोपी महिला से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने उसका कॉल अटैंड करना बंद कर दिया, इसके बाद वह अलग-अलग नंबरों से कॉल कर महिला को परेशान करता रहता था। महिला ने बताया कि वह 9 नवंबर को सेशेल्स से वाशी वापस आई है जिसके बाद से आरोपी इस तरह की धमकी दे रहा था।

रिश्ते को खत्म करने के लिए 5 लाख की मांग कर रहा था: पुलिस को महिला ने बताया, ‘वह होटल बुक कर मुझसे मिलने की मांग कर रहा था, साथ ही रिश्ते से बाहर निकलने के बदले 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। जब मैं इस बात के लिए तैयार नहीं हुई तो उसने हमारे साथ खींची गई हमारी तस्वीरों को प्रसारित करने की धमकी दी।’ महिला ने आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी का भी मामला दर्ज कराया है।