द्वारका जिले के पालम थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग के सिर में गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त बुजुर्ग घर के बाहर सो रहे थे। सुबह जब परिजनों ने देखा तो वारदात के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस को सुबह करीब 7:37 बजे सूचना मिली थी। पुलिसकर्मी खून से लथपथ हालत में बुजुर्ग को पास के अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अजीत सिंह (62) को मृत घोषित कर दिया। छानबीन के आधार पर पुलिस को पता चला है कि गोली काफी नजदीक से मारी गई थी। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने अजीत सिंह के भाई किशन और उसके दो बेटों पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध बताए गए लोगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह अजीत सिंह के बेटे राजेश ने बताया कि अजीत सिंह, हरिजन बस्ती पालम एक्सटेंस स्थित घर के बाहर खाट पर सोए हुए थे। उनके चाचा किशन सिंह से सोमवार को मकान के मरम्मत के दौरान झगड़ा हो गया था। चाचा के दोनों बेटे बार-बार जान से मारने की धमकी देते रहे। उन्हें शक है कि चाचा व उनके बेटों ने ही हत्या की है।
महिला वकील के घर के बाहर गोलीबारी
गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक महिला वकील के घर के बाहर दो लोगों ने गोलीबारी की। घटना सोमवार रात की है। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला वकील कल्पना बंसल की शिकायत है कि इस घटना के पीछे उसके पति का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पेशे से वकील कल्पना बंसल अपने माता-पिता के साथ कैलाश नगर में रहती हैं। उनकी साल 2014 में गांवड़ी गांव निवासी अरुण से शादी हुई थी। सोमवार रात को वह अपने घर पर थी। इसी दौरान रात करीब 10:50 बजे एक स्कूटी पर सवार दो लोगों ने घर के बाहर गोलीबारी की। पुलिस सीसीटीवी देख रही है।