पूर्वी दिल्ली के अक्षरधाम इलाके से 32 वर्षीय एक व्यक्ति को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है जो लूटपाट के मामले में जमानत पर था और फिर से ऐसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बताया कि भजनपुरा निवासी मोहम्मद रेहान को शुक्रवार रात अक्षरधाम के खेलगांव आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया।

लूटपाट के आठ मामले दर्जः पुलिस के अनुसार रेहान के साथी मोहम्मद मुजीब को 15 दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। उसने जानकारी दी थी कि रेहान और अन्य लोग राष्ट्रीय राजधानी में हथियारों के दम पर लूटपाट करने की योजना बना रहे हैं। मुजीब पर भी हथियारों के दम पर लूटपाट  करने के आठ मामले दर्ज हैं।
National Hindi News, 29 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

पुलिसकर्मियों पर चलाई गोलीः पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाह ने कहा, ‘‘ रेहान लूटपाट को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त से मिलने जा रहा था कि तभी पुलिस की नजर उस पर पड़ी और उससे आत्मसमर्पण करने को कहा। ’’उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

पैर में लगी थी चोटः अधिकारी ने बताया कि रेहान को पैर में कुछ चोट लगी जिसके बाद उसे नजदीक ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद शनिवार (29 जून) सुबह उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि उसके पास से एक आधुनिक पिस्तौल, तीन कारतूस और कारतूस के दो खोल तथा चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इससे पहले नोएडा में फ्रिज के कंप्रेशर से भरे ट्रक को लेकर जा रहे चालक की कुछ बदमाशों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद जलाली इलाके में चंगेरी पुल के पास मुठभेड़ में पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया था।