प्रधानमंत्री Narendra Modi का संसदीय क्षेत्र बनारस शनिवार (21 सितंबर) सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बनारस (वाराणसी) के चेतगंज थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब चार से पांच बदमाशों ने एक दंपती के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह कृष्ण कुमार उपाध्याय अपनी पत्नी के साथ घर में कुछ काम कर रहे थे। उस दौरान कुछ बदमाश घर में घुस आए और उन्होंने पति-पत्नी की हत्या कर दी।

गद्दी विवाद है हत्या की असल वजह: स्थानीय लोगों की मानें तो मृतक का अपने भाई से जमीन व पिशाचमोचन में गद्दी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस की मानें तो शनिवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने भाई को जान से मारने की धमकी दी। वहीं, थोड़ी देर बाद ही दंपती की हत्या कर दी गई।

National Hindi News, 21 September 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

जल्द गिरफ्तार होंगे हत्यारे: एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि हत्या का पहला पहलू जमीन व गद्दी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक का अपने भाई से विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी व उसका परिवार फरार है। FIR दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

बेटे ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप: मृतक के बेटे सुमित उपाध्याय ने अपने चाचा-चाची पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही, लल्लापुरा चौकी इंचार्ज पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बीती शाम को ही उसने पुलिस चौकी इंचार्ज को धमकी की जानकारी दी थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

 

पहले पापा, फिर मां को मारी गोली: सुमित के मुताबिक, वारदात के वक्त वह अपने पिता के साथ ही था। दोनों पिशाचमोचन जाने की तैयारी कर रहे थे। उस दौरान हमलावरों ने एक हॉस्टल में छिपकर अचानक हमला बोल दिया। सुमित के मुताबिक, जब तक वह मां के पास पहुंचता, बदमाशों ने उसके पिता को गोली मार दी। वहीं, इसके बाद महिला को भी निशाना बना लिया।