मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां स्कूटी से जा रही फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को कुछ लोगों ने रोक लिया। उन्होंने स्कूटी की चाबी निकाल ली और उसके साथ छेड़खानी की। इतना ही नहीं उन्होंने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। जब उसकी मदद करने के लिए एक शख्स आया तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। पीड़िता का नाम ज़रीन है। वह एक फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर हैं। वे अपनी स्कूटी से उज्जैन के खाराकुआ के पास से जा रही थीं। तभी आरोपी हितेश बडवाया ने स्कूटी रोक कर चाबी निकाल ली।

डॉक्टर ने कहा-गलत तरीक से हाथ पकड़ा

पीड़ित डॉक्टर जरीन ने आरोप लगाया है कि हितेश ने उनका हाथ गलत तरीक से छुआ और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। फिलहाल जरीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जरीन के अनुसार, जब उन्होंने पास से जा रहे एक जान-पहचान के शख्स तौफीक को मदद के लिए बुलाया। तौफीन ने मामले में हस्तक्षेप किया और आरोपी को पीछे हटने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर तौफीक की भी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी घटना स्थल से भाग निकले।

कांग्रेस की मांग आरोपियों का घर तोड़ा जाए

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कांग्रेस नेता नूरी खान और रवि भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस स्टेशन का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ फौरन कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों का घर तोड़ा जाए। एसपी सचिन शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।

“मप्र में बेटियां कब सुरक्षित होंगी”

इस मामले में एमपी कांग्रेस ने ट्विट किया है- “शिवराज में असुरक्षित बेटियां…उज्जैन में घर लौट रही फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर से गुंडों ने छेड़खानी और मारपीट की। इस मामले में अपराधियों को गिरफ़्तार करने एवं न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस नेता नूरी खान ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। शिवराज जी, मप्र में बेटियां कब सुरक्षित होंगी।”