दिल्ली के पांडव नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ने खुद को ही गोली मार ली। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान राहुल सिंह के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने राहुल की जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिसकर्मियों को भी दे दी गई है। हालांकि अभी तक खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो पाई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, ईस्ट दिल्ली की डीसीपी प्रियंका कश्यप ने बताया कि राहुल सिंह ने खुद को थाने की छत पर जाकर गोली मारी है और पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी प्राप्त नहीं हुआ है। राहुल सिंह अभी पांडव नगर थाने में तैनात था। राहुल का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है और वह 31 साल का था।
शुरुआती कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक की जांच के मुताबिक पुलिस को कोई गहरा सुराग हाथ नहीं लगा है जिससे सुसाइड के कारण की पुष्टि हो सके। फिलहाल पुलिस को पारिवारिक कलह का भी शक है। इस मामले में पुलिस अन्य सुराग भी जुटा सकती है।
एक ऐसी ही घटना फरवरी में भी हुई थी जब दिल्ली पुलिस के एक जवान ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। पश्चिमी दिल्ली के जखीरा फ्लाईओवर के पास पीसीआर में तैनात पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारी थी। इस घटना में पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। मृतक पुलिसकर्मी की उम्र करीब 50 साल थी।
मृतक दिल्ली पुलिस में बतौर ASI तैनात थे। उन्होंने सीने में खुद को गोली मारी थी। जब सभी पुलिसकर्मी बाहर और वह अंदर बैठा हुआ था तो उसने खुद को गोली मारी थी। फायरिंग की आवाज सुनकर जब पुलिसकर्मी पीसीआर वैन के पास पहुंचे तो वे चौक गए। क्योंकि ASI ने खुद को गोली मार ली थी। पुलिसकर्मियों ने खून से लथपथ पड़े पुलिसकर्मी को अस्पताल तक पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
