Delhi Namaste Gang: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नमस्ते गैंग के दो सदस्यों को एनकाउंटर में दिल्ली पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, इस गैंग के सदस्य किसी को भी लूटने से पहले लोगों से ‘नमस्ते’ करते हैं। पुलिस और बदमाशों में यह एनकाउंटर पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुआ।
विवेक विहार में हुआ एनकाउंटर
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एनकाउंटर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नमस्ते गैंग के दो सदस्यों को गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह एनकाउंटर विवेकानंद कॉलेज के पास गैंग के सदस्यों और शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ के बीच हुई थी।
बदमाशों ने चलाई पुलिस पर गोली
पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्यों के बारे गुप्त सूचना के बाद संदिग्ध आरोपियों को रुकने का इशारा किया गया था। आरोपी गाजियाबाद से विवेक विहार थाने की ओर जाने वाले रास्ते में थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि, पुलिस टीम द्वारा रुकने के लिए कहे जाने पर उन्होंने गोलियां चलाईं और कार्रवाई में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
लूट की घटना में वांछित थे बदमाश
अधिकारी के मुताबिक, इसी जवाबी फायरिंग में गैंग का एक सदस्य घायल हो गया था। पुलिस ने बताया कि यह दोनों आरोपी तीन दिन पहले हुई लूट की दो घटनाओं में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बीते महीनों में गैंग के कई सदस्यों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की थी लेकिन गैंग के कुछ सदस्य अभी भी सक्रिय हैं।
क्या है नमस्ते गैंग?
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, ‘नमस्ते गैंग’ के काम करने का तरीका बिल्कुल अलग होता है। इस गैंग के सदस्य लोगों के पैर छूकर या उन्हें नमस्ते करके उन्हें अपना शिकार बना लेता है। कई बार तो गैंग के सदस्य मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को भी ‘नमस्ते’ करके उनका सामान छीनकर भाग जाते हैं। पिछले कुछ महीनों में इस गैंग ने ऐसी तमाम वारदातों को अंजाम दिया है और ज्यादातर मामलों में इस गैंग के शिकार बुजुर्ग हुए हैं।
