दिल्ली पुलिस वेस्ट दिल्ली के सुभाष नगर के रहने वाले 40 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक को एक साहूकार के द्वारा हायर किया गया था, जिससे पैसे लेने के बाद उसने एक हत्या को अंजाम दिया था। आरोपी की पहचान मुकेश चोपड़ा के रूप में हुई है और उसे मुख्य आरोपी मनोज के द्वारा हायर किया गया था। मनोज पर 38 वर्षीय गौतम कोहली की हत्या करवाने का आरोप है।
वेस्ट दिल्ली के राजौरी गार्डन के रहने वाला कोहली आर्थिक परेशानी का सामना कर रहा था और उसने 20 प्रतिशत ब्याज पर 25 लाख रुपए भी उधार ले रखे थे। जब कोहली उन पैसों को नहीं लौटा पाया तो मनोज ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया था। मनोज की धमकियों से गौतम कोहली काफी परेशान भी हो गया था। मनोज लगातार उससे पैसे मांग रहा था, पैसे नहीं देने पर मनोज ने गौतम की हत्या करवाने का प्लान बनाया।
शव पर थे छह गोलियों के घाव: मनोज ने गौतम पर निगाह रखने के लिए मुकेश को हायर किया। कुछ समय बाद हरियाणा के सोनीपत में गोलियों से छलनी हुआ गौतम कोहली का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, कोहली के पिता ने सुभाष नगर पुलिस स्टेशन में 30 जुलाई को पुलिस को इस मामले में लिखित सूचना दी। पीड़ित के पिता का कहना था कि उसका बेटा रोड के किनारे मृत पाया गया है। मृतक के पिता ने बताया कि उसके बेटे को सोनीपत के पास किसी ने गोली मार दी थी और उसके शव पर छह गोलियों के घाव भी हैं।
घटना वाली रात गौतम कोहली का फोन आखिरी हरी नगर के एक रेस्त्रां में ट्रेस किया गया था। यहीं मुकेश की आखिरी लोकेशन भी थी। मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी मनोज को गौतम के बारे में जानकारी दी थी और इस दौरान मनोज भी मौके पर मौजूद था। इसके बाद मनोज ने गौतम के ऑटो रिक्शा का पीछा करना शुरू कर दिया। मनोज के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे। ऑटो रिक्शा को रोकने के बाद उन्होंने गौतम के साथ मारपीट की और आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने गौतम को गोली मार दी थी।
