Delhi Jafrabad Murder: पूर्वोत्तर दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक शख्स ने सोमवार सुबह अपनी बीवी की चाकू मारकर हत्या कर दी। उसे संदेह था कि बीवी उसे धोखा दे रही है। हत्या के आरोपी साजिद नाम के शख्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि बाप के हमले से अपनी मां को बचाने की कोशिश में उसकी 11 साल की बेटी भी बुरी तरह घायल हो गई। बेटी का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गुरु तेग बहादुर अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया, बेटी का इलाज जारी
पुलिस ने कहा कि उन्हें देर रात लगभग 1:06 बजे एक पीसीआर कॉल मिली कि 36 साल के एक शख्स अपने घर में ही अपनी 32 साल की बीवी को कई बार चाकू मारा है। गंभीर रूप से घायल महिला को पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, महिला को बचाने में घायल उनकी बेटी का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया है।
महिला की गर्दन, छाती और बाएं हाथ पर चाकू के गहरे घाव पाए गए – दिल्ली पुलिस
पुलिस ने कहा कि महिला की गर्दन, छाती और बाएं हाथ पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के आरोपी शौहर द्वारा हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी साजिद मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था, लेकिन फिलहाल बेरोजगार था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
संगम विहार में नाबालिगों के ग्रुप ने चाकू मारकर ली एक युवक की जान
दिल्ली में इससे पहले शनिवार को संगम विहार इलाके से सनसनीखेज मामले में नाबालिगों के एक समूह ने 18 साल के एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। एक साल पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि मौका ए वारदात से बरामद सीसीटीवी फुटेज में सात से नौ लोगों के समूह को पीड़ित शख्स को बेरहमी से पीटते और चाकू से कई बार हमला करते हुए देखा जा सकता है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि दिल्ली के मजीदिया अस्पताल के कर्मचारियों ने फोन पर उन्हें चाकू से घायल एक मरीज के गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी थी।