राजधानी दिल्ली में मामली बात पर शुरू हुई बहस के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दो महिलाओं सहित पांच निगम सफाईकर्मी घायल हो गए। जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान धूल उड़ने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। फिलहाल पुलिस सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के हंगामें के बाद गैर इरादतन हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा, महिलाओं से बदसलूकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शशि जो कि ईस्ट एमसीडी में बतौर सफाई कर्मचारी तैनात हैं, गुरुवार को प्रताप नगर हर्ष विहार के ‘बी’ ब्लॉक में सड़क पर झाड़ू लगा रही थीं। इस दौरान धूल उड़ने लगी तो विनोद अपने घर से बाहर निकलता है और शशि से बहस से करने लगता है। जिसके बाद शुक्रवार को शशि के साथ कुछ दूसरे सफाईकर्मी विनोद से बात करने पहुंचे तो आरोप है कि विनोद की पत्नी, बेटे और तीन अन्य ने शशि और उसके साथियों की लाठी, डंडों और सरिया से हमला कर घायल कर दिया। इस घटना में कई लोगों के सिर फूट गए तो कई के हाथ में गंभीर चोट आई है। मामले की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
National Hindi News 27 July 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस मामले में विनोद, उसकी पत्नी सुमित्रा समेत चार अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय गहलोत और दिल्ली प्रदेश सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष संजीत चंदेल के साथ सैकड़ों सफाईकर्मी हर्ष विहार थाने पहुंचे थे। जहां पर जमकर हंगामा हुआ भी था।
