दिल्ली मर्डर केस की परतें खुलने लगी हैं। पुलिस ने साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया था। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। हालांकि हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
साहिल का कहना है कि हत्या करने के बाद वह रिठाला मेट्रो स्टेशन गया था वहीं पर उसने चाकू फेंक दिया था। साक्षी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। फिलहाल पुलिस हर एक एंगल से मामले की जांच कर रही है।
इसी बीच साक्षी और उसकी दोस्त नीतू की इंस्टाग्राम चैट सामने आई है। जिसमें वह साक्षी से पूछ रही है कि तू कहां है? साक्षी कहती है कि वह घर में बंद है। उसे फोन भी इस्तेमान नहीं करने दिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस चैट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस मर्डर केस में यह बात भी सामने आई है कि वारदात के एक दिन पहले साक्षी की दोस्त भावना और झबरू ने मिलकर साहिल को धमकी दी थी। उनके धमकी देने के बाद साक्षी ने साहिल को फोन पर ताने भी मारे थे कि अब कहां चली गई तेरी बदमाशगिरी…असल में पीड़िता की हत्या के बाद भावना ने एक ऑडियो शेयर किया था जिसमें साक्षी साहिल से बात कर रही है। हालांकि उधर से साहिल की आवाज नहीं आ रही है। सिर्फ साक्षी को कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘ज्यादा बदमाश है क्या तू, कहां चली गई थी तेरी बदमाशगिरी’।
हत्या वाले दिन साहिल ने साक्षी ने वीडियो कॉल पर बात की थी
रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि 27 मई की दोपहर 3.41 पर साक्षी और साहिल के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इतना ही नहीं 28 मई (हत्या वाले दिन) को भी साहिल और साक्षी ने सुबह दो बार वीडियो कॉल पर बात की थी। असल में झबरू ने साक्षी को सपोर्ट करते हुए साहिल को धमकी दी थी।
झबरू उस इलाके का दबंग लड़का है। कुछ दिनों पहले ही उसकी साक्षी से दोस्ती हुई थी। घटना के एक दिन पहले साक्षी, भावना औऱ झबरू ने साहिल से मुलाकात की थी। तीनों की साहिल से झड़प भी हुई थी। झबरू ने साहिल से कहा था कि वह साक्षी से दूर रहे। इसके बाद ही साहिल ने साक्षी को मारने का प्लान बनाया था। अब क्या सच है और क्या झूठ यह तो पूरी जांच के बाद ही पता चल पाएगा।