देश की राजधानी दिल्ली में भीड़ द्वारा चोरी के शक में एक नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आदर्श नगर के लाल बाग इलाके में एक नाबालिग घर में घुस गया था, लेकिन अचानक घर वालों की नींद खुल गई और लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। जिससे नाबालिग लड़का घायल हो गया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने इस घटना में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के लाल बाग इलाके में शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे एक घर में पड़ोस में रहने वाला साहिल नाम का एक नाबालिग घर में घुस गया। इसी दौरान घर के एक सदस्य मुकेश की नींद खुल गई और उसने कथित तौर तौर पर चोरी करने की नीयत से घुसे साहिल को देखकर चोर-चोर चिल्लाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई उन्होंने नाबालिग को पीटना शुरू कर दिया। जब इस घटना की सूचना आदर्श नगर थाना पुलिस को मिली तो उसने घटनस्थल पर पहुंचकर देखा कि एक लड़का बेहोशी की हालत में पड़ा था। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
मुकदमा दर्ज: इस घटना के बाद आदर्श नगर पुलिस ने आरोपी मुकेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की कोशिश की धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा 6 और लोगों को भी गिरफ्तार किए जाने की बात बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक लड़का ड्रग्स का आदी था। गौरतलब है कि देश भर में मॉब लिंचिंग घटनाएं बढ़ रही हैं। जिसको लेकर कड़े कानून बनाने की मांग भी उठ रही है।

