Delhi Election Results 2020:  बीते 11 फरवरी को दिल्ली में मतगणना के बाद साफ हो गया कि यहां की जनता ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को अगले 5 साल के लिए सत्ता की चाबी थमाई है। जनता ने इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नकार दिया। अब Association for Democratic Reforms (ADR), की एक रिपोर्ट सामने आई है जिससे यह खुलासा हुआ है कि जनता की तरफ से चुन कर विधानसभा में पहुंचे 70 में से 61 फीसदी विधायकों पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या और रेप जैसे केस भी शामिल हैं।

43 विधायकों पर दर्ज है केस: दिल्ली के 43 विधायकों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 37 पर गंभीर चार्ज लगे हैं। इनमें दुष्कर्म, हत्या की कोशिश जैसे बड़े अपराध भी शामिल हैं। अकेले आम आदमी पार्टी के 62 में से 38 विधायकों ने आपराधिक केस दर्ज होने की बात अपने एफिडेविट में बताई थी। खास बात यह भी है कि इन 38 में से 33 पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। बीजेपी के 8 में से 5 विधायकों पर आपराधिक केस हैं, जिनमें 4 गंभीर आपराधिक धाराओं वाले हैं।पिछले चुनाव में 24 विधायकों ने अपने ऊपर चल रहे आपराधिक मुकदमों के बारे में चुनाव से पहले जानकारी दी थी।

करोड़पति विधायक भी हैं: एडीआर की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आम आदमी पार्टी के 45 और भारतीय जनता पार्टी के 7 विधायकों ने अपने पास 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा भी किया था। कुल 25 विधायकों की संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा है वहीं 10 लाख से कम संपत्ति वाले सिर्फ 1 विधायक हैं। सबसे कम संपत्ति वाले विधायकों की लिस्ट में आम आदमी पार्टी की राखी बिड़ला हैं जिन्होंने 76 हजार संपत्ति घोषित की है।

आठवीं पास भी बने विधायक: दिल्ली के 70 विधायकों में से एक तिहाई यानी कि 23 विधायक ऐसे हैं, जिन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई तक नहीं की है। इनमें से भी 7 विधायक ऐसे हैं, जो हाईस्कूल तक ही पढ़े हैं। 2 विधायक तो सिर्फ आठवीं पास हैं।

आपको बता दें कि चुन कर आए 70 विधायकों में से 39 विधायकों की उम्र 25-50 साल के बीच है। जबकि 31 विधायकों की उम्र 51-80 साल के बीच है। इस बार जनता ने 8 महिलाओं को विधायक चुना है, जबकि पिछले चुनाव में सिर्फ 6 महिलाएं ही विधायक चुनी गईं थी।