दिल्ली के अशोक नगर से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने सुसाइड किया है मगर परिजनों को कहना है कि बेटी की हत्या की गई है। फिलहाल ज्योति नगर थाने में महिला के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, शिल्पी अपने ससुराल वालों के साथ अशोक नगर में रहती है। उसकी 18 मई 2022 को अंकित धारिया से शादी हुई थी। शादी धूमधाम से हुई थी। सजधज कर बारात गई थी। बारातियों का दिल खोलकर स्वागत हुआ था। पकवान बने थे, डीजे बजा था और शादी के बाद दुल्हन अपने ससुराल आ गई थी। कुछ दिनों तक सबकुछ सामान्य चल रहा था। घऱवालों को लगा कि चलो बेटी की घर बस गया मगर आरोप है कि इसके बाद शिल्पी को प्रताड़ित किया जाने लगा।

शिल्पी के घरवालों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से लड़के वालों को दहेज दिया था। इसके बाद भी अंकित और उसके घरवाले दहेज के लिए शिल्पी को प्रताड़ित करते थे। वह कई महीनों तक चुपचाप सहती रही। किसी से कुछ नहीं कहा मगर जब बात ज्यादा बढ़ गई तो उसने फोन कर अपने मायकों वालों को इस बात की जानकारी दी।

क्राइम तक की रिपोर्ट के अनुसार, परिवार का कहना है कि ससुराल वाले आये दिन शिल्पी के साथ मारपीट करते थे। उसकी सास राजेश्वरी धारिया उसे दहेज के लिए परेशान करती थीं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि शिल्पी को उनसे मिलने नहीं दिया जाता था। उसे मायके नहीं आने दिया जाता था। वे दहेज के लिए शिल्पी को ताना मारते थे। कई बार मार खाने के बाद शिल्पी ने अपने मायके रोते हुए फोन भी किया था और कहा था कि ये लोग मुझे मार देंगे।

शिल्पी के परिवार का यह भी कहना है कि उसकी दोनों बड़ी ननदें और देवर भी अपनी मां के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित करते थे। वे अपनी मां का साथ देते थे मगर पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जानकारी के अनुसार, इस मामले की जांच एसडीएम शाहदरा कर रहे हैं।

हर बार माफी मांगते और फिर प्रताड़ित करते

शिल्पी के पिता का कहना है कि वे लोग मेरी बेटी को घर नहीं आने देते थे। उसे प्रताड़ित करते रहे। जब हमें शिल्पी ने उसके साथ होने वाले दुराचारों के बारे में बताया तो हमने उसके ससुराल वालों से बात की। उन्होंने हर बार माफी मांगी और कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। हम शिल्पी को घऱ लाते तो वे लोग आते माफी मांगते औऱ कहते आगे से ऐसा नहीं होगा।

इन सब के बीच शिल्पी ने बच्चे को जन्म दिया। सभी को लगा कि अब सब ठीक हो जाएगा मगर बच्चे के पैदा होने के बाद उनकी डिमांड और बढ़ गई। शिल्पी बहुत ज्यादा परेशान होने लगी और आखिरकार उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद परिजनों को सूचित किया गया। फिलहाल पुलिस ने शिल्पी के पति को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई एसडीएम की रिपोर्ट सामने आने के बाद की जाएगी।