दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक युवती का अपने पति से कुछ समय से विवाद चल रहा है। इसकी वजह से पति आए दिन ससुराल में हंगामा करता रहता है। हाल ही में वह कुछ बदमाशों को लेकर ससुराल पहुंचा और युवती की बहनों की पिटाई की। बहनों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया तो वे भाग गए।
घटना 17 सितंबर की है।
चार साल पहले लव मैरिज की थी : संगम विहार में रहने वाली पूनम ने 2015 में प्रेम शंकर से लव मैरिज की थी। बाद में पता चला कि उस पर मर्डर का आरोप है। पूनम की बहन निशा ने बताया कि इस जानकारी के बाद से दोनों में खटपट हो गई। विवाद बढ़ने पर कोर्ट में तलाक की अर्जी दे दी गई। उसका केस चल रहा है। इससे प्रेम शंकर नाराज है।
तलाक के केस से नाराज है : तलाक की अर्जी से भड़का प्रेम शंकर आए दिन परिवार को परेशान करता रहता है। पूनम का भाई अजय ऑटो चलाता है। प्रेम शंकर उसको भी परेशान करता रहता है। कभी वह खुद गाली-गलौच करता है तो कभी वह बदमाशों से परेशान करवाता है। पिछले कई दिनों से उसका यह नाटक चल रहा है। इसको लेकर कई बार झड़प भी हो चुकी है।
National Hindi News, 22 September 2019 LIVE Updates: देश की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सीसीटीवी में करतूत रिकॉर्ड है : 17 सितंबर को जब बदमाश घर में आए और मारना-पीटना शुरू किया तो सारा दृश्य मोहल्ले में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। उसमें जीजा और उसके साथ आए बदमाशों की करतूत साफ दिख रही है। वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगे होने की जानकारी प्रेमशंकर और उसके जीजा को नहीं थी।
पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा : डीसीपी (साउथ) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि चार आरोपी वसीम, भारत, विशाल और शावेज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है